नदियों के तटों पर कब्जा और अवैध खनन रोकने के लिए शासन की लाख सख्ती के बाद भी त्रिलोकपुर थाना क्षेत्र में अवैध खनन धड़ल्ले से जारी है। क्षेत्र मेें राप्ती नदी के तट पर हो रहे खनन पर जिम्मेदारों की आंखें बंद कर ली हैं। इससे खनन माफियाओं के हौसले बुलंद हैं।
त्रिलोकपुर थाना क्षेत्र के गोपिया गांव के उत्तर बहने वाली राप्ती नदी के तट पर एक माह से खनन माफिया सक्रिय हैं। बिना किसी रोक-टोक के वह अवैध रूप से बालू खनन के धंधे में लिप्त हैं। ग्रामीणों का कहना है कि खनन माफिया हर रोज दर्जनों ट्राली बालू यहां से निकालकर ले जा रहे हैं। स्थानीय लोग के विरोध करने पर वे मारपीट पर उतारू हो जाते हैं और धमकी देते हैं। थाने पर फोन से शिकायत की गई लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हो रही है। पुलिस के लोग ही मिलीभगत कर धंधेबाजों को संरक्षण दे रहे हैं। लोगों का कहना है कि अगर राप्ती नदी में बाढ़ आई तो गोपिया सहित उसके आसपास के गांव में जमकर तबाही मचेगी। इस संबंध में एसडीएम डुमरियागंज सुरेंद्र नाथ मिश्रा ने बताया कि उन्हें अवैध खनन की जानकारी नहीं है। वह हलका लेखपाल से खनन के बारे में पता कराएंगे। अगर ऐसा है तो अवैध खनन करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।