सिद्धार्थनगर। शहर के पुरानी नौगढ़ मार्ग किनारे गिराए गए कूड़े में लगी आग के धुएं से राहगीर वाहन चालकों की सांसत रही। तेज हवा के साथ धुएं के गुबार व आग की आंच से झुलसने से बचने के लिए हुए तेजी से गुजरते नजर आए। इनमें कई राहगीर आगे दिखाई नहीं देने के कारण डिवाइडर अथवा एक दूसरे भिड़ने से सड़क पर गिरकर घायल हो गए।
शहर के पुरानी नौगढ़ मार्ग पर पुल के पास सड़क किनारे गिराए गए कूड़े में बृहस्पतिवार को लगी आग के धुएं से राहगीर परेशान रहे। तेज हवा से धुएं और आग की लपटों से बचने के लिए बाइक सवार व अन्य वाहन चालक मौके पर तेज रफ्तार से गुजरते दिखे। इस बीच धुएं के गुबार के कारण आगे नहीं दिखने से चार बाइक सवार और एक ई-रिक्शा चालक डिवाइडर से टकरा गए। इससे सात लोग चोटिल हो गए, उन्हें वहां मौजूद लोगों ने अन्य वाहनों पर बैठाकर भेजा। लगभग एक घंटे तक धुएं के गुबार के कारण राहगीर परेशान और चोटिल होते रहे। चोटिल होने वालों में कुछ लोग नेपाल के थे और उनमें तीन बर्डपुर क्षेत्र के थे, जो घटना के बाद घर चले गए। इनमें कोई गंभीर रूप से चोटिल नहीं हुआ था। इस बीच नगर पालिका द्वारा भेजा गया जेसीबी जल रहे कूड़े को सड़क किनारे से हटाकर नीचे की तरफ से गिराया। वहीं सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड ने आग को बुझाया, तब जाकर आवागमन सुचारू रूप से संचालित हो पाया।
सड़क किनारे कूड़ा गिराने से हुई परेशानी
कूड़े में लगी आग की आंच और धुएं से परेशान राहगीर सड़क किनारे कूड़ा गिराने पर नाराजगी जताते दिखे। मौके पर मौजूद नीतिश अग्रहरि का कहना था कि नगर पालिका की तरफ से सड़क किनारे कूड़ा गिरा दिया जाता है। आग लगने के बाद धुएं और आग की आंच से लोग झुलस रहे हैं। यहां कूड़ा गिराने से ही यह स्थिति उत्पन्न हो गई है। लोगों ने निर्धारित स्थान पर कूड़ा गिराने की मांग की ताकि लोगों को परेशानी का सामना न करना पड़े।