30 नवंबर तक चलेगा अभियान, स्कूली वाहनों की फिटनेस जांच के साथ ओवरस्पीडिंग और बिना हेलमेट चलने वालों पर रहेगी नजर
विज्ञापन
सिद्धार्थनगर। सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए जिले में 16 से 30 नवंबर तक सड़क सुरक्षा पखवाड़ा मनाया जाएगा। इसका शुभारंभ 16 नवंबर को सुबह 11 बजे एआरटीओ कार्यालय में विधायक श्यामधनी राही करेंगे। इस दौरान प्रचार वाहन रवाना करने के साथ लोगों को सड़क सुरक्षा की शपथ दिलाई जाएगी।
परिवहन विभाग के अभियान में बिना हेलमेट, सीट बेल्ट, ओवरस्पीडिंग, नशे में ड्राइविंग और मोबाइल पर बात करते हुए वाहन चलाने वालों पर कार्रवाई होगी। 17 नवंबर को स्कूली वाहनों की फिटनेस जांच और 18 नवंबर को डग्गामार वाहनों व स्टंट ड्राइविंग के खिलाफ अभियान चलेगा। व्यावसायिक वाहन चालकों का स्वास्थ्य और नेत्र परीक्षण भी होगा।
20 से 30 नवंबर तक तीन सवारी, बिना लाइसेंस, नाबालिगों के वाहन चलाने, गलत दिशा में ड्राइविंग और अवैध पार्किंग करने वालों पर कार्रवाई की जाएगी। प्रदूषण जांच केंद्रों की भी जांच होगी। 30 नवंबर को पखवाड़े के समापन पर बेहतर कार्य करने वाले एनजीओ, गुड सेमेरिटन, मास्टर ट्रेनर और रोड सेफ्टी क्लब को सम्मानित किया जाएगा।