अज्ञात वाहन की चपेट में आने से युवक की मौत
बांसी-इटवा मार्ग स्थित मनोहरपुर टॉवर के पास हुई घटना
संवाद न्यूज एजेंसी
गोल्होरा। तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की चपेट में आने से बाइक सवार युवक की मौत हो गई जबकि दूसरा गंभीर रूप से जख्मी हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल युवक को अस्पताल भिजवाया और परिजनों को सूचना दी।
हादसा शनिवार शाम करीब साढ़े पांच बजे बांसी-इटवा मार्ग स्थित मनोहरपुर टॉवर के पास हुई। मऊ करही निवासी मोहित (27) अपने ममेरे भाई पवन (18) के साथ शनिवार सुबह किसी काम से बांसी गया था। शाम को दोनों बाइक से घर वापस आ रहे थे। मनोहरपुर टॉवर के पास सामने से आ रहे अज्ञात वाहन की चपेट में आ गए। हादसे में बाइक चला रहे मोहित की मौके पर ही मौत हो गई जबकि पवन गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास मौजूद लोगों ने हादसा देखा तो पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची गोल्हौरा थाने की पुलिस ने घायल पवन को आनन-फानन में बांसी अस्पताल पहुंचाया। परिजनों को सूचना देने के साथ ही मोहित का शव कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। इस बाबत एसओ गोल्हौरा शमशेर बहादुर सिंह ने बताया कि परिजनों की तहरीर पर अज्ञात चालक के खिलाफ केस किया जाएगा।