सिद्धार्थनगर। वित्तीय सत्र 2017-18 के लिए जिला योजना की बैठक 29 जून को प्रभारी मंत्री चेतन चौहान की अध्यक्षता में होगी। शनिवार को डीएम ने विभागीय अफसरों के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की। जनोपयोगी कार्यों को प्राथमिकता देते हुए योजना में शामिल करने का निर्देश दिया।
बैठक में डीएम कुणाल सिल्कू ने कहा कि जिला योजना के लिए सभी विभाग अपनी कार्ययोजना शासन की मंशानुसार तैयार कर लें। कार्ययोजना में जनोपयोगी कार्यों को ही प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने विभिन्न विभागों के प्रस्तावों के औचित्य पर चर्चा करते हुए उसमें संशोधन की संभावनाओं पर भी मंथन किया। कहा कि 29 को जिला योजना की बैठक में सभी विभाग अपनी पूरी तैयारी के साथ आएं। जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी राजेश कुमार सिंह ने जिला योजना के प्रावधानों के बारे में अफसरों को विस्तार से बताया।
उसके अनुसार ही कार्ययोजना बनाने को कहा। बैठक में डीडीओ सुदामा प्रसाद, पीडब्ल्यूडी एक्सईएन सीपी गुप्ता, भूपेश मणि त्रिपाठी, डीआईओएस सोमारु प्रधान, जिला कृषि अधिकारी एसएन चौधरी, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी आशुतोष पांडेय, डीपीआरओ बीडी पांडेय, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी संजय नाथ तिवारी, समाज कल्याण अधिकारी विपिन कुमार यादव, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. फणीश सिंह आदि मौजूद रहे।