सिद्धार्थनगर। भवानीगंज थाना क्षेत्र के असाधरपुर गांव में बैनामा की भूमि विवाद को लेकर दो पक्षों में जमकर मारपीट हो गई। दोनों पक्षों की ओर से दी गई तहरीर के आधार पर पांच नामजद व 20 अज्ञात के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने छानबीन शुरू कर दी है।
एक पक्ष के चौरा बनगवा गांव निवासी ग्राम प्रधान रणजीत सिंह ने थानाध्यक्ष को दी तहरीर में आरोप लगाया कि पांच जून की शाम करीब चार बजे बैनामा की एक भूमि के बंटवारे को लेकर असाधरपुर गांव में पंचायत हो रही थी।
इसी दौरान असाधरपुर निवासी प्रदीप, संदीप, बाबूलाल और राजेश कुमार लाठी-डंडे से मारने पीटने लगे।
वहीं, दूसरे पक्ष के असाधरपुर निवासी राजेश कुमार व प्रदीप कुमार ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया कि पांच जून की शाम करीब चार बजे रंजीत कुमार सिंह ने करीब 20 लोगों को बुलाया और लाठी-डंडे और कांच की बोतल से मारा-पीटा। इसमें उन लोगों को काफी चोटें आईं। इस मामले में दोनों पक्ष ने कार्रवाई की मांग की।
इस संबंध में भवानीगंज थानाध्यक्ष विजय शंकर सिंह ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।