सिद्धार्थनगर। स्वास्थ्य विभाग भी प्रधानमंत्री के डिजिटल इंडिया की राह पर आगे बढ़ने की तैयारी में जुट गया है। अब स्वास्थ्य से जुड़ी सभी जानकारियां ऑनलाइन होंगी। ई-डिस्ट्रिक्ट पोर्टल पर सीएचसी-पीएचसी के हर कार्यों को ब्योरा अपलोड होगा। पेपरलेस व्यवस्था व कार्य को पारदर्शी बनाने के लिए खुद सीएमओ ने यह पहल शुरू की है। स्वास्थ्य में विभाग में अनियमितता रोकने व उसकी सही मॉनिटरिंग करने के लिए स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़ी सभी प्रकार की जानकारियां ऑनलाइन की जाएगी। इसमें जिले के सभी सामुदयिक व प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, जिला अस्पताल व ग्रामीण स्वास्थ्य केंद्र शामिल किए जाएंगे।
ई-डिस्ट्रिक्ट पोर्टल पर रोजाना की फिडिंग का मकसद है कि हर प्रकार की रिपोर्ट तत्काल और सही समय पर उपलब्ध हो जाएगी। कोई कर्मचारी यह बहानेबाजी नहीं कर सकेगा कि कागज तैयार नहीं है या फिर उसे दर्ज नहीं किया गया। अस्पताल में मरीजों के होने वाले उपचार से लेकर दवा की उपलब्धता और कमी सहित अन्य सभी प्रकार की जानकारी नियमित पोर्टल पर अपलोड की जाएगी। इस संबंध में सीएमओ डॉ. वेदप्रकाश शर्मा ने बताया कि ऑनलाइन व्यवस्था शुरू किए जाने को लेकर काम किया जा रहा है। जल्द ही प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी। इस व्यवस्था के शुरू होने से कार्य पारदर्शी होगा।