सिद्धार्थनगर में धार्मिक स्थल पर तोड़फोड़ के बाद मौके पर पहुंचे पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी।
धार्मिक स्थल तोड़ने में तीन गिरफ्तार
डीएम और एसपी ने मौके पर पहुंचकर लिया हालात का जायजा
भवानीगंज थाना क्षेत्र के भड़भड़वापुर का मामला
क्षेत्र में तनाव, कई थानों की फोर्स तैनात
अमर उजाला ब्यूरो
सिद्धार्थनगर। भवानीगंज थाना क्षेत्र के भड़भड़वापुर गांव में धार्मिक स्थल तोड़ने के बाद क्षेत्र में तनाव फैल गया है। इसे देखते हुए कई थानों की फोर्स बुला ली गई। इस मामले में पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। एहतियातन गांव में फोर्स तैनात की गई है। सूचना मिलने पर डीएम दीपक मीणा और एसपी विजय ढुल ने देर रात मौके पर पहुंचकर हालात का जायजा लिया। घटना सोमवार की रात आठ से नौ के बीच बताई जा रही है।
भड़भड़वापुर गांव में एक पुराना धार्मिक स्थल है। सोमवार की रात कुछ उपद्रवियों ने वहां तोड़फोड़ कर दी। इसकी जानकारी होते ही क्षेत्र में तनाव हो गया। एक हिंदूवादी संगठन के नेता ने इस मामले को सोशल मीडिया पर शेयर कर दिया, लेकिन पुलिस तक मामला पहुंचने से पहले नेता ने पोस्ट डिलीट भी कर दी। इधर जैसे ही पुलिस को जानकारी हुई उसने आनन-फानन में तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया। तीनों भवानीगंज और डुमरियागंज क्षेत्र के ही बताए जा रहे हैं। एहतियातन डुमरियागंज, पथरा, त्रिलोकपुर आदि थानों की फोर्स को गांव और अगल-बगल के गांवों में तैनात कर दिया गया है। एसपी विजय ढुल ने बताया कि धार्मिक स्थल को ठीक करा दिया गया है। तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। सोशल मीडिया पर पुलिस की टीम नजर रख रही है।