तुलसियापुर। थाना क्षेत्र में 15 वर्षीय रानी कसौधन की हत्या के 14 माह बाद पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी आशीष उर्फ राम आशीष, मसीना थाना शोहरतगढ़ कोगिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से जेल भेज दिया गया। कोर्ट के आदेश पर हत्या, अपहरण और साक्ष्य मिटाने जैसी गंभीर धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। जांच के बाद पुलिस ने कार्रवाई की है।
जानकारी के अनुसार, 28 नवंबर 2024 की रात कस्बे के एक वार्ड निवासी रानी कसौधन की एक अतिथि भवन में आयोजित शादी समारोह में शामिल होने गई थी। देर रात तक घर वापस न लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लगा।
इसके बाद एक दिसंबर 2024 को शोहरतगढ़ नगर पंचायत के वार्ड नंबर सात स्थित मोहल्ला सुभाष नगर में एनएच-730 शोहरतगढ़-बाणगंगा मार्ग पर अग्रवाल पेट्रोल पंप के सामने झाड़ियों में किशोरी का शव मिला था।
थाना प्रभारी नवीन कुमार सिंह ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय भेजा गया है।