अलीगढ़वा बीओपी पर एसएसबी डाग स्क्वाॅयड टीम के सदस्य लालू ने भी राखी बंधवाई।
- फोटो : अमर उजाला
सिद्धार्थनगर। भाई-बहन के पावन प्रेम का प्रतीक रक्षाबंधन पर्व गुरुवार को उल्लास पूर्वक मनाया गया। बहनों ने भाईंयों के कलाई पर राखी बांधकर उनकी सलामती की कामना की। भाईंयों ने बहनों की रक्षा का वचन दिया।
रक्षाबंधन त्यौहार की तैयारियों में महिलाएं बुधवार की शाम से ही जुट गई। शाम से ही मुख्यालय के मुख्य बाजारों राखी खरीदने की होड़ लगी रही। देर रात तक बाजार में रौनक रही। नगर के सिद्धार्थ तिराहा, पुरानी सब्जी मंडी, सिविल लाइन, तेतरी बाजार, खजुरिया रोड, आजाद नगर के पास रोड की पटरियां राखी की दुकानों से पटी रही।
सुबह होने के साथ ही भाईंयों की सलामती के लिए बहनों ने मंदिरों में जाकर दर्शन किया। भोर से ही हनुमान गढ़ी, सिंहेश्वरी मंदिर, थरौली दुर्गा मंदिर में श्रद्धालुओं की भीड़ दिखी। दर्शन के बाद भाईयों की आरती उतारकर चंदन का टीका लगाने के बाद कलाई में राखी बांधी, मिठाई खिलाई और रक्षा का वचन लिया।
भाईंयों ने सामर्थ्य अनुसार बहनों को उपहार भेंट किया। विवाहिता बहनें राखी बांधने के लिए भाईंयों के पास गई। सोहांस बाजार के टोला ऊंचहरिया में स्थित छब्बू प्रसाद मेमोरियल इंटर कालेज की प्रधानाचार्य प्रियंका वर्मा के नेतृत्व में छात्राओं ने मिठाई खिला कर छात्र व ग्रामीणों को राखी बांधी। इस दौरान सहायक अध्यापक अनामिका सिंह, सुनीता वर्मा, नेहा जायसवाल आदि मौजूद रहे।