कपिलवस्तु महोत्सव में राजू श्रीवास्तव। (फाइल फोटो)
- फोटो : SIDDHARTHNAGAR
दस माह पहले जिले में पहली बार आए कॉमेडी स्टार राजू श्रीवास्तव छा गए थे। कपिलवस्तु महोत्सव में 23 नवंबर 2021 की सर्द रात में राजू श्रीवास्तव के व्यंग्य पर लोगों ने खूब ठहाके लगाए थे। दर्शकों की संख्या इतनी अधिक थी तो पुलिस को व्यवस्था संभालने में पसीना आ रहा था।
बीएसए ग्राउंड में आयोजित कपिलवस्तु महोत्सव में एक ही दिन कॉमेडी स्टार राजू श्रीवास्तव और भोजपुरी स्टार खेसारी लाल यादव का कार्यक्रम था। राजू श्रीवास्तव पहले मंच पर पहुंचे। उन्होंने बातों बातों में ही लोगों को ठहाके लगाने के लिए मजबूर कर दिया। आलम यह था कि सभी कुर्सियां भर गई थीं और काफी संख्या में लोग खड़े थे।
इसे भी पढ़ें: छज्जा गिरने से एक की मौत, अंदर मजदूर और बाहर तड़पते रहे अधिकारी
महोत्सव में मंच संचालक नितेश पांडेय ने कहा कि राजू श्रीवास्तव के कार्यक्रम को लेकर जिले के लोगों को काफी उत्साह रहा। लोगों को खूब हंसाने वाले राजू श्रीवास्तव को लोग भूल नहीं पाए थे कि उन्होंने रुला दिया। जिन्होंने भी उन्हें सुना था, निधन की खबर पर उनके मुंह से आह निकला। विकास पांडेय ने कहा कि उन्होंने महोत्सव में राजू श्रीवास्तव के साथ मुलाकात की और सेल्फी ली थी। व्यंग्य पूर्ण हास्य कला से मनोरंजन करने के साथ ही वे अच्छे संदेश भी देते थे। उनके निधन से कला जगत की अपूरणीय क्षति हुई है।
शिक्षिका अपर्णा सिंह ने कहा कि राजू श्रीवास्तव को सुनने के लिए बच्चों में उत्साह था। दिन में बच्चों ने कार्यक्रम की प्रस्तुति की और उनका कार्यक्रम देखने के लिए रात तक रुके रहे। प्रधानाचार्य कल्पना पांडेय ने कहा कि राजू श्रीवास्तव जैसे कलाकार का असमय जाना बहुत अखर गया। कलाकार अपने परिवार के साथ समाज और राष्ट्र धरोहर होते हैं। राजू श्रीवास्तव के निधन की खबर सुनते ही मंच पर उनकी बोलते जो तस्वीर देखी थी, वह आंखों के सामने अचानक आ गई।