कोरोना वारियर्स का बढ़ाया मान, बरसाए फूल
नगरपालिका परिषद के सफाई कर्मियों पर पुष्प वर्षा
पुष्पवर्षा से भी ज्यादा सम्मान के हकदार हैं सफाई कर्मचारी
अमर उजाला ब्यूरो
सिद्धार्थनगर। कोरोना वायरस की रोकथाम के लिए जी जान से सफाई, फॉगिंग और दवा छिड़काव करने में जुटे सफाई कर्मियों का स्वागत फूल बरसा कर किया गया। अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल नगर इकाई और गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के सदस्यों ने सफाई कर्मियों को उनके काम के लिए हौसला बढ़ाते हुए सम्मानित भी किया।
कोरोना वायरस जैसी वैश्विक महामारी को मात देने के लिए लॉकडाउन घोषित किया गया है। लोग घरों में रहकर इस बीमारी से लड़ रहे हैं, वहीं पुलिस, स्वास्थ्य कर्मियों के साथ ही सफाई कर्मी भी किसी वॉरियर्स से कम भूमिका में नहीं है। गांव-मुहल्लों की गलियों की सफाई के साथ फागिंग और दवा का छिड़काव कर जान जोखिम में डालकर अपने दायित्व को बखूबी निभा रहे हैं। बुधवार को नगर के सिद्धार्थ तिराहे पर नगर पालिका परिषद सिद्धार्थनगर के सफाई कर्मियों पर अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल नगर इकाई एवं गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी की ओर से पुष्प वर्षा की गई। सम्मान पाकर सभी के चेहरे खुशी से खिल उठे। व्यापार मंडल के नगर अध्यक्ष संजय कसौधन ने कहा कि सफाई कर्मी अपनी जान की परवाह न करके दिन रात एक करके हमारे लिए कार्य कर रहे हैं। गुरुद्वारा कमेटी के अध्यक्ष तजिंद्र सिंह ड्यूक ने कहा कि पुष्प वर्षा कर ही सम्मान कर रहे हैं, लेकिन वह इससे भी बड़े सम्मान के हकदार हैं। अंत में अधिशासी अधिकारी शैलेंद्र गुप्ता ने हौसला आफजाई करने के लिए सभी का धन्यवाद ज्ञापित किया। इस दौरान अजय कसौधन, शुभांगी द्विवेदी, रवि शर्मा, सुरेश बंका, शैलेंद्र कुमार, विक्रमादित्य गुप्ता, रवींद्र सिंह, गामा, संतोष आदि की उपस्थिति रहे।