दुदही। गैस की कालाबाजारी की शिकायत पर विशुनपुरा पुलिस ने उपनगर में छापा मारा। पुलिस को 20 गैस कनेक्शन के पासबुक मिले लेकिन मौके से कोई सिलिंडर बरामद नहीं हो सका। 20 की संख्या में पासबुक मिलने से मामला संदिग्ध माना जा रहा है। पुलिस एक व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
दुदही नगर के वार्ड नंबर नौ लालबहादुर शास्त्री नगर में संचालित एक बैंक के कर्मचारी प्रहलाद कुमार ने बृहस्पतिवार शाम डायल 112 को सूचना दी कि सीएचसी के पास एक व्यक्ति गैस सिलिंडर की कालाबाजारी कर रहा है और एक सिलिंडर तीन हजार रुपये में बेच रहा है। पुलिस टीम पहुंची और छानबीन शुरू की।
पुलिस ने संदिग्ध व्यक्ति के घर की तलाशी ली। वहां से अलग-अलग कनेक्शन धारकों के नाम पर जारी 20 पासबुक बरामद हुए। मौके पर कोई गैस सिलिंडर नहीं मिला। पुलिस टीम संदिग्ध व्यक्ति को साथ लेकर चली गई। थानाध्यक्ष विनय कुमार मिश्रा ने बताया कि वह फिलहाल बाहर हूं और अन्य पुलिसकर्मी वीआईपी ड्यूटी में लगे हैं। आरोपी से पूछताछ के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।