कोटे की दुकानों में लगेगा इलेक्ट्रॉनिक कांटा
प्रदेश के खाद्य रसद आयुक्त ने जारी किए निर्देश
30 दिसंबर तक शत-प्रतिशत कांटों की मांगी रिपोर्ट
संवाद न्यूज एजेंसी
डुमरियागंज। राशन की सरकारी दुकानों की तौल प्रक्रिया इलेक्ट्रॉनिक कांटे से होगी। परंपरागत तराजू और बांट से चल रही तौल प्रक्रिया में घटतौली की शिकायतों को शासन ने गंभीरता से लेते हुए यह आदेश जारी किया है। प्रदेश के खाद्य एवं रसद आयुक्त मनीष चौहान ने इस संबंध में आदेश जारी किया है।
राशन वितरण में अनियमितता की बढ़ती शिकायतों को देखते हुए शासन ने बड़े बदलाव करने की योजना शुरू की है। राशन की दुकानों में तराजू और बांट से अनाज का तौल किया जा रहा है। उपभोक्ताओं की शिकायत है कि राशन तौल में कम मिलता है, जिसे शासन ने गंभीरता से लिया है। आयुक्त ने कहा है कि जनवरी से शहरी व ग्रामीण राशन की दुकानों में अनाज की तौल इलेक्ट्रॉनिक कांटों से की जाएगी। 29 दिसंबर तक निर्धारित प्रारूप रिपोर्ट आयुक्त ने तलब की है कि सभी दुकानों में कांटे लगा दिए गए हैं। जनवरी में शत-प्रतिशत इलेक्ट्रॉनिक कांटे से तौल सुनिश्चित करने को कहा है। उन्होंने निर्देश दिया है कि निरीक्षण के दौरान जिस दुकान में इलेक्ट्रिक कांटा नहीं मिलेगा उसके विरुद्ध कार्रवाई की जाए। इलेक्ट्रिक कांटा कोटेदार को खुद खरीदना होगा। इसके लिए शासन की ओर से उन्हें कोई धनराशि नहीं दी जाएगी। इस बाबत क्षेत्रीय आपूर्ति निरीक्षक विजय प्रकाश सहाय ने बताया कि सभी राशन की दुकानों में इलेक्ट्रिक कांटों से अनाज के तौल के लिए इलेक्ट्रिक कांटे लगाने का निर्देश हुआ है।