संवाद न्यूज एजेंसी
बर्डपुर। मोहाना थाना क्षेत्र के बर्डपुर पल्टा देवी मार्ग पर बृहस्पतिवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक दुकान से एक महिला का पर्स रहस्यमय तरीके से गायब हो गया।
घटना के बाद मौके पर भीड़ इकट्ठा हुई और हंगामा शुरू हो गया। पर्स गायब होने के बाद महिला ने इसकी जानकारी दुकानदार को दी। दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे की जांच में एक महिला पर्स उठाते हुए नजर आई। फुटेज सामने आने के बाद मौके पर मौजूद लोगों में चर्चा तेज हो गई और संदिग्ध महिला की तलाश शुरू कर दी गई।
कुछ ही देर में संदिग्ध महिला एनएच-28 स्थित बर्डपुर मेन चौक पर दिखाई दी। लोगों ने उसे पहचानकर पकड़ लिया और वापस दुकान पर ले आए। इसके बाद महिला की तलाशी ली गई, लेकिन उसके पास से पर्स नहीं मिला। बताया जा रहा है कि पूछताछ और विनती के बाद संबंधित महिला को छोड़ दिया गया। इसी बीच किसी ने चौकी प्रभारी को फोन कर घटना की सूचना दे दी।
सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। हालांकि तब तक दुकान से लेकर बर्डपुर चौक तक भारी भीड़ जमा हो चुकी थी। लोग सीसीटीवी फुटेज में दिखाई दे रही महिला और पकड़ी गई महिला को बार-बार देखते रहे।