क्षेत्र पंचायत की बैठक में 62.30 करोड़ का बजट पास
भनवापुर। भनवापुर ब्लाक सभागार में शुक्रवार को क्षेत्र पंचायत की बैठक में 62.30 करोड़ रुपये का बजट पास किया गया। इसके सबसे पहले स्वस्थ, खाद्य एवं रसद, कृषि के साथ विकास कार्यों की समीक्षा की गई। बैठक में एमएलसी सुभाष यदुवंश ने कहा कि सरकार का प्रयास है कि ग्राम पंचायतों को मजबूत बनाया जाए। जब तक गांव पूर्ण रूप से विकसित नहीं होंगे, देश का समग्र विकास संभव नहीं है।
एमएलसी सुभाष यदुवंश ने सीडीओ पुलकित गर्ग से आरओ के खिलाफ जांच कर कार्रवाई करन का निर्देश दिया। बैठक में कार्ड धारकों को पांच की जगह चार किग्रा अनाज देने की शिकायत के बावजूद पूर्ति अधिकारी भनवापुर विजय सहाय के जांच और कार्रवाई नहीं करने तथा फोन नहीं उठाने के आरोप पर एमएलसी ने नाराजगी जताई।
सांसद जगदंबिका पाल ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार गांव के सचिवालयों को आधुनिक बनाने जा रही है। हर सचिवालय को वाईफाई कनेक्टिविटी प्रदान कर रही है, लेकिन इससे पहले जिम्मेदारों को यह ध्यान रखना होगा कि गांव में बने मिनी सचिवालयों को दुरुस्त कर वहां आवश्यक प्रबंध किए जाएं।
बैठक में वित्तीय वर्ष 2022-23 के लिए मनरेगा योजना के अंतर्गत चर्चा के बाद 62.30 करोड का बजट पास किया गया। पूर्व विधानसभा अध्यक्ष व इटवा विधायक माता प्रसाद पांडेय ने मनरेगा बजट पास होने के बाद कहा कि पंचायतों के सर्वाधिक कार्य मनरेगा से ही संबंधित रहते हैं, इसलिए इसमें भ्रष्टाचार न हो और कार्य गुणवत्तापरक हों, इसकी निरंतर निगरानी करनी होगी। डुमरियागंज विधायक सैय्यदा खातून ने कहा कि गांव में जितने भी कार्य विभिन्न विभागों के मार्फत कराए जा रहे हैं उनके गुणवत्ताविहीन होने की शिकायत मिल रही है, इसलिए उच्चाधिकारियों को इस पर ध्यान देने की जरूरत है। सीडीओ पुलकित गर्ग, बीडीओ धनंजय सिंह, आरओ विजय सहाय, प्रभारी चिकित्साधिकारी डा. शैलेंद्र मणि ओझा, बीईओ मिश्र,भाजपा युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष गौरव मिश्रा, पशु चिकित्साधिकारी डॉ. मनोज पांडेय, एडीओ पंचायत लाले, लालजी शुक्ला, एसओ त्रिलोकपुर रामकृपाल शुक्ला मौजूद रहे।