खेसरहा। स्थानीय थाना क्षेत्र के बुकनिहा बुजुर्ग निवासी 11वीं के छात्र आकाश गुप्ता हत्याकांड में शनिवार देर शाम पोस्टमार्टम के बाद शव गांव पहुंचा तो कोहराम मच गया।
पुलिस की मौजूदगी में उसे दफन कर दिया गया है। इस मामले में पुलिस ने तीन संदिग्धों को पूछताछ के लिए उठाया है। लोगों के आक्रोश को देखते हुए गांव और आसपास के तीन रास्तों पर पुलिस बल तैनात रही।
परिजनों की माने तो शुक्रवार को करीब 12 बजे आकाश गुप्ता के पास किसी का फोन आया था। इसके बाद वह घर से निकल गया था। तकरीबन ढाई बजे बेलउख गांव के पास बाग में शव मिला था। काल करके बुलाने वाला कौन था, इसके बारे में पुलिस जानकारी जुटा रही है। लेकिन उसके हाथ कोई ठोस सुबूत नहीं लगा है। क्योंकि, कातिलों ने उसका मोबाइल फोन तोड़ दिया है, जिससे डाटा रिकवरी न हो सके।
वहीं, पुलिस ने तीन संदिग्धों को पूछताछ के लिए उठाया है।