सिद्धार्थनगर। शहर के जमुआर नाल के पास सदर पुलिस और एसओजी के हत्थे चढ़े स्मैक तस्करों अनिल निषाद और कोमल निषाद की पुलिस कुंडली खंगालने में जुट गई है। 60 लाख के स्मैक के साथ पकड़े गए इन तस्करों का नेपाल से कनेक्शन जुड़ा मिला है।
इन्होंने नेपाल में बिक्री करने की बात भी कबूल की है। ऐसे में नेपाल में ये कहां डिलीवरी देने वाले थे और स्मैक कहां से लेकर आ रहे थे। साथ ही नेटवर्क में कौन-कौन शामिल है, इसके बारे में पुलिस पूछताछ कर रही है।
पहली बार जनपद मुख्यालय पर 308 ग्राम स्मैक की बरामदगी हुई है। इसने तस्करी के बड़े नेटवर्क के सक्रिय होने की आशंका को जन्म दे दिया है। बरामद मादक पदार्थ की कीमत 60 लाख रुपये से अधिक आंकी गई है। ऐसे में पुलिस को शक है कि इतनी कीमत के मादक पदार्थ दो लोग लेकर बिक्री करने के लिए नहीं लेकर जा सकते हैं। ऐसे में इसमें पूरे सिंडिकेट होने के आशंका है।
सूत्रों की मानें तो बढ़नी बार्डर तस्करी के लिए बदनाम होने और सख्ती बढ़ने के बाद तस्करों ने रूट बदल दिया है। बढ़नी को छोड़कर मुख्यालय के रास्ते अलीगढ़वा, ककरहवा नया रूट तस्करी के लिए पकड़ लिया है। फिलहाल पुलिस इस मामले में छानबीन कर रही है, जिससे नेटवर्क को तोड़ा जा सके।
जनपद की 68 किलोमीटर सीमा नेपाल से लगी हुई। सीमा खुली होने के कारण यहां तस्करों और धंधेबाजों ने सिर उठा लिया। सीमा पर खाद्य से लेकर मादक पदार्थ तक की तस्करी होने के मामले सामने आते रहे हैं। यहां मांग के हिसाब से तस्करी होती है।
इसके साथ ही तस्करी के लिए अलग-अलग बाॅर्डर पर अलग-अलग ट्रेंड है, जैसे तस्करों ने सरहदें तय कर रखी हो या उनके बीच सबकुछ बंटा हुआ हो। स्मैक की तस्करी के लिए बढ़नी बॉर्डर बदनाम है। यहां से सप्लाई के पूरे चेन होने के बात पूर्व में सामने आ चुकी है। लोकल लेवल पर बिक्री को लेकर विवाद और स्थानीय लोगों की संलिप्तता की बात लगातार सामने आती रही है।
यह था मामला : एक जून की सुबह सदर कोतवाल मिथिलेश कुमार राय और एसओजी प्रभारी चंद्रकांत पांडेय को मादक पदार्थ की तस्करी करने वाले गिरोह के दो सदस्यों के नेपाल की ओर से जाने की जानकारी मिली।
टीम ने जमुआर नाले के पास पहुंचकर जांच शुरू की। इस बीच एक कार उधर आती दिखी। पुलिस ने जांच के लिए रोका तो वे भागने लगे। टीम ने घेराबंदी कर उन्हें दबोच लिया। कार से अनिल निषाद, निवासी ग्राम मदरहना उर्फ रामनगर, थाना कपिलवस्तु और कोमल निषाद निवासी वार्ड नंबर पांच आंबेडकर नगर, मोगलहा, थाना उसका बाजार के रूप में की गई। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे अवैध रूप से स्मैक की खरीद-फरोख्त कर आर्थिक लाभ अर्जित करते हैं और बरामद स्मैक को बिक्री के लिए नेपाल लेकर जा रहे थे। वहां उसकी अच्छी कीमत मिलती है।