भारतभारी। डुमरियागंज क्षेत्र के सोनहटी चौराहे पर शुक्रवार को फ्लैग पोल लगाते समय हुए हादसे में बड़ी लापरवाही सामने आई है। लोगों के मुताबिक बिना आवागन रोके फ्लैग पोल लगाना शुरू हुआ था। 101 फिट ऊंचे पोल को लगाने के लिए एक क्रेन के बजाय दो क्रेन की जरूरत थी। रास्ता रोकने और क्रेन लगाने में लापरवाही से यह घटना हुई है। मृतक की पत्नी की तहरीर पर पुलिस कार्यदायी संस्था के ठेकेदार और क्रेन चालक पर केस दर्ज किया है।
लोगों का कहना है कि श्याम लाल उर्फ चिंकू (45) की मौत लापरवाही से हुई है। इस हादसे का जिम्मेदार लोग कार्यदायी संस्था और उसके ठेकेदार को मान रहे हैं। क्षेत्र के प्रेम पांडेय, धर्मेश पांडेय, हाशिम अली, रमेश, अजय कुमार पांडेय आदि स्थानीय लोगों का कहना है कि 101 फीट ऊंचा पोल खड़ा करते समय पहले आवागमन रोकना चाहिए था। साथ ही दो हाइड्रा मशीन लगाना चाहिए था, जिससे बैलेंस बना रहे।
दो की जगह एक हाइड्रा मशीन का उपयोग और पोल खड़ा करते समय आवागमन बंद ना करना संबंधित कार्यदायी संस्था के ठेकेदार ही जिम्मेदार है। वहीं, मृतक की पत्नी ने शिकायत पत्र देकर मामले की जांच करते हुए कार्रवाई की मांग की है। मृतक के पत्नी तहरीर पर कार्यदायी संस्था के ठेकेदार व क्रेन चालक खिलाफ लापरवाही केस दर्ज करके मामले की जांच शुरू कर दी है।
-
परिवार के जीविका का मात्र एक ही सहारा था श्यामलाल
भारतभारी। डुमरियागंज क्षेत्र के सोनहटी में शुक्रवार चौराहा पर फ्लैग पोल लगाते समय राहगीर श्यामलाल उर्फ चिंकू गौतम 45 कि मौत हो गई थी। चिंकू गौतम भारतभारी नगर पंचायत के लोहरौली का रहने वाले था। दो भाइयों में सबसे छोटा था। पिता व माता दोनों का पहले देहांत हो चुका है। चिंकू पेशे से ड्राइवर था। वो गांव में ट्रैक्टर चलाकर परिवार का पालन पोषण करता था। चिंकू की पत्नी रो-रो कर कह रही थी कि अब परिवार को कौन देखेगा। परिवार का पालन पोषण अब कौन करेगा।
-
सोनहटी चौराहे पर हुए हादसे से 60 गांव अंधेरे में
फ्लैग पोल गिरने से लगभग 60 गांव की आपूर्ति बंद है। लोग शुक्रवार से अंधेरे में है। फ्लैग पोल 33 हजार के सप्लाई पोल पर जा गिरा, जो रीवा फीडर को सप्लाई देता है। रीवा फीडर से भारतभारी नगर पंचायत सहित कई गांव में बिजली आपूर्ति होती है। पोल गिरने से बिजली विभाग के पांच पोल टूट गए है। लोगों का कहना है कि विद्युत आपूर्ति बाधित है।अधिशासी अभियंता विद्युत संतोष कुमार त्रिपाठी ने बताया कि रीवा फीडर पर वैकल्पिक व्यवस्था कर सप्लाई शुरू कर दी गई है। विभाग का लगभग तीन लाख का नुकसान हुआ है, जिसमें थाने पर तहरीर दी जाएगी।
-
मृतक की पत्नी ने जिम्मेदारों पर की कार्रवाई की मांग
डुमरियागंज पुलिस को दिए तहरीर में सुमित्रा देवी ने बताया कि मृतक श्याम लाल उर्फ चिंकू (45) शुक्रवार को करीब तीन बजे घर से सोनहटी चौराहे पर सब्जी लेने गए थे। बगल में लग रहे फ्लैग पोल को हाइड्रा मशीन से खड़ा किया जा रहा था। इसी दौरान हाइड्रा मशीन का बैलेंस बिगड़ गया और मशीन बगल में लगे स्ट्रीट लाइट पर पलटी। स्ट्रीट लाइट का पोल बिजली के हाईटेंशन तार पर गिरकर सब्जी खरीद रहे श्याम लाल उर्फ चिंकू के ऊपर पोल गिर गया, जिसमें मौके पर मौत हो गई। पत्नी ने यूपी एसआईसी लघु उद्योग निगम कार्यदायी संस्था पर आरोप लगाते हुए कहा कि दो हाइड्रा मशीन का काम एक से किया जा रहा था, जिसमें कार्यदायी संस्था की लापरवाही से पति की मौत हुई है। इस घटना की जांच कर जिम्मेदार कार्यदायी संस्था, ठेकेदार व विभाग के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। इस संबंध में डुमरियागंज थाना प्रभारी श्याम सुंदर तिवारी ने बताया कि कार्यदायी संस्था के ठेकेदार के व क्रेन चालक खिलाफ लापरवाही में केस दर्ज कर लिया गया।