हेलीपैड से मंच तक नए रास्ते से गुजरेगा पीएम का काफिला
सिद्धार्थनगर। सुरक्षा के मद्देनजर पीडब्लूडी रेस्ट हाउस स्थित हेलीपैड से अशोक मार्ग के बजाए प्रधानमंत्री का काफिला नए रास्ते से गुजरते हुए बीएसए ग्राउंड में स्थित मंच तक पहुंचेगा। इस नौ सौ मीटर लंबाई के नए रास्ते का निर्माण तेजी से किया जा रहा है। साथ कार्यक्रम स्थल पर भी पंडाल लगाने का कार्य जोर-शोर से जारी है।
मेडिकल कॉलेज का 25 अक्तूबर को लोकार्पण करने आ रहे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को हेलीपैड से जनसभा कार्यक्रम में पहुंचने के लिए वन विभाग के पौधशाला से होकर नए रास्ते का निर्माण हो रहा है। प्रधानमंत्री के जनसभा कार्यक्रम में अशोक मार्ग से गुजरने वाले लोगों की भीड़, साथ ही अशोक मार्ग पर अधिकारियों व जनप्रतिनिधियों की भी भीड़ रहेगी। उनकी पहुंच से प्रधानमंत्री का काफिला दूर रखने के लिए ही नए रास्ते का निर्माण हो रहा है।
नए सड़क निर्माण में दो जगहों पर नए पाइप पुलियों का भी निर्माण किया जा रहा है। वहीं कार्यक्रम स्थल बीएसए ग्राउंड में पांच में मंगलवार को एक पंडाल बनकर तैयार हो गया था और दूसरे पंडाल का कार्य तेजी से चल रहा था। अशोक मार्ग के दोनों तरफ साफ-सफाई के साथ सड़क किनारे गड्ढों का पानी पंपसेट लगाकर सुखाने का कार्य भी जारी था।
मिट्टी और बालू डाल सूखाया जा रहा मैदान
बीएसए ग्राउंड में जगह-जगह पसरा पानी एवं कीचड़ को मिट्टी और बालू डालकर सुखाए जाने का कार्य तेजी से हो रहा है। इसी के साथ पीडब्लूडी रेस्ट हाउस में हेलीपैड निर्माण स्थल के आसपास भी कीचड़ और पानी सुखाने के लिए मिट्टी और बालू डाला जा रहा है। इन जगहों पर ट्रैक्टर-ट्रालियों से लगातार मिट्टी और बालू ढुलाई कार्य जारी था।
भाजपा नेताओं ने की तैयारी बैठक
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम की सफलता के लिए सनई चौराहा स्थित एक होटल में भाजपा नेताओं की बैठक हुई। सांसद जगदंबिका पाल ने कहा कि पहली बार जिले में किसी प्रधानमंत्री का आगमन हो रहा है। इस लिए जिले के लोगों को उनका जोरदार तरीके से स्वागत करना चाहिए। बैठक में जिलाध्यक्ष गोविंद माधव, सह मीडिया प्रभारी आशीष शुक्ल आदि मौजूद रहे।