डुमरियागंज। डुमरियागंज तहसील क्षेत्र के कस्बा हल्लौर स्थित शिया जामा मस्जिद के पेश इमाम मौलाना शहकार हुसैन जैदी ने जुमे की नमाज के बाद लोगों से केंद्र सरकार की ओर से चलाए जा रहे देशव्यापी स्व-गणना अभियान 2026 में सक्रिय सहयोग करने की अपील की।
मौलाना ने कहा कि जनगणना देश के विकास और योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन की आधारशिला है, इसलिए हर नागरिक को इसमें सही और सटीक जानकारी देनी चाहिए। उन्होंने सात मई से शुरू हुए स्व-गणना अभियान में अधिक से अधिक भागीदारी करने की बात कही। उन्होंने बताया कि 22 मई से 20 जून तक घर-घर जाकर जनगणना कार्य किया जाएगा, जिसमें सभी लोगों को आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराकर सहयोग करना चाहिए।
मौलाना ने कहा कि जनगणना से ही सरकार को वास्तविक स्थिति का पता चलता है और उसी आधार पर विकास योजनाएं बनाई जाती हैं। उन्होंने जनमानस से अपील की कि इस कार्य को गंभीरता से लेते हुए पूर्ण सहयोग प्रदान करें। संवाद