संवाद न्यूज एजेंसी
खुनुवां। नेपाल में ऑनलाइन सट्टेबाजी और अवैध वित्तीय लेनदेन पर रोक लगाने के लिए नेपाल दूरसंचार प्राधिकरण ने दो लाख से अधिक वेबसाइटों और मोबाइल एप को बंद कर दिया है।
नेपाल सरकार की ओर से 27 मार्च को जारी सुशासन सुधार संबंधी 100 कार्यसूची में ऑनलाइन सट्टेबाजी और साइबर ठगी पर प्रभावी नियंत्रण का प्रावधान किया गया था।
कार्यसूची के 42वें बिंदु में संचार और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय को सट्टेबाजी से जुड़े एप और वेबसाइटों को 24 घंटे के भीतर बंद कराने के निर्देश दिए गए थे।
सरकारी निर्णय के बाद उस समय संचालित सभी ऑनलाइन सट्टेबाजी वेबसाइटों को बंद कर दिया गया था। हालांकि इनके नए नामों से दोबारा सक्रिय होने की प्रवृत्ति जारी रही, इस पर भी नेपाल की एजेंसियों की निगाह है और वह इस पर भी अंकुश लगाने में जुटीं हैं।
नेपाल दूरसंचार प्राधिकरण के अनुसार, इस वर्ष फीफा विश्व कप के आयोजन के बाद फिर से सक्रिय हुए ऐसे प्लेटफॉर्मों के खिलाफ अभियान चलाकर अब तक 2 लाख 23 हजार 568 वेबसाइटों और एप को बंद किया जा चुका है।
प्राधिकरण का कहना है कि अवैध ऑनलाइन सट्टेबाजी और गैरकानूनी वित्तीय गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।