- हिन्दी भाषा के महत्व के बारे में दी गई जानकारी
संवाद न्यूज एजेंसी
सिद्धार्थनगर। सिद्धार्थ विश्वविद्यालय कपिलवस्तु में चल रहे हिंदी पखवाड़े के अंतर्गत बृहस्पतिवार को विद्यार्थियों ने पत्र-लेखन कार्यशाला का आयोजन किया। इस दौरान हिंदी विभागाध्यक्ष प्रो. सत्येन्द्र कुमार दुबे ने कहा कि हिंदी पखवाड़े के आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों में राजभाषा हिंदी के प्रति अनुराग तथा गर्व-भाव पैदा करना, उसके प्रयोग में दक्ष बनाना तथा लेखन-कौशल का विकास करना है।
संयोजक प्रो. हरीश कुमार शर्मा ने कहा कि पत्र-लेखन की महत्ता आज भले घटी है पर आवश्यकता आज के डिजिटल दौर में भी हमें विभिन्न स्तरों पर पड़ती है। पत्र-लेखन के अनेक प्रकार हैं और उन सबकी अपनी-अपनी प्रविधि है। अच्छे पत्र-लेखन के लिए सही प्रारूप का ही ज्ञान होना चाहिए और सही भाषा भी आनी चाहिए। इस दौरान डॉ. हृदयकांत पांडेय, डाॅ. अब्दुल हफीज, डॉ. जयसिंह यादव, अतुल उपाध्याय, दीपक, शुभम कुमारी, कुमकुम, दीप्ति, राहुल और राजेश मौजूद रहे।
-