हादसे में बाइक सवार की मौत, एक घायल
इटवा थाना क्षेत्र के बेनीनगर गांव के पास देर रात हुआ हादसा
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
अमर उजाला ब्यूरो
इटवा। थाना क्षेत्र के डुमरियागंज- इटवा मार्ग पर स्थित बेनीनगर गांव के पास रविवार की रात चार पहिया वाहन की चपेट में आने से एक बाइक सवार युवक की मौत हो गई। जबकि अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, घायल युवक का बस्ती जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है।
क्षेत्र के चौखड़ा गांव निवासी रोहित कसौधन उर्फ छोटे (23) अपने साथी कुनगाई डिहवा निवासी सर्वजीत यादव उर्फ राज यादव (24) के साथ डुमरियागंज गया था। देर रात लगभग नौ बजे डुमरियागंज से बेनीनगर गांव के पास स्थित स्पीड ब्रेकर के पास पहुंचे थे कि सामने इटवा की तरफ से जा रहे एक वाहन की चपेट में आ गए। हादसे में दोनों गंभीर रूप से जख्मी हो गए। आसपास के लोगों ने दोनों को बेंवा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां देखते ही डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं, सर्वजीत यादव को जिला चिकित्सालय बस्ती ले जाया गया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रभारी थानाध्यक्ष इटवा रामेश्वर यादव ने बताया कि शव को पोस्टर्माटम के लिए भेज दिया गया है। अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है।
हादसे का स्पाट बना बेनीनगर गांव का मोड़
इटवा। इटवा- डुमरियागंज मार्ग पर स्थित बेनीनगर गांव का मोड़ हादसे का स्पाट बन चुका है। यहां हर हफ्ते हादसे होते हैं। हादसे में किसी न किसी की जान चली जाती है। मगर विभाग हादसे को रोकने के लिए कोई पहल नहीं कर रहा है।