जिला पंचायत सदस्यों का शपथ ग्रहण समारोह आज
लोहिया कला भवन में होगा शपथ ग्रहण समारोह, सदन की पहली बैठक भी होगी
जिला पंचायत के 45 सदस्यों में 43 चुने गए हैं पहली बार
संवाद न्यूज एजेंसी।
लोहिया कला भवन में सोमवार दोपहर 11 बजे से जिला पंचायत सदस्यों का शपथ ग्रहण समारोह होगा। इस मौके पर जिला पंचायत के सदन की पहली बैठक भी होगी। जिला पंचायत अध्यक्ष शीतल सिंह ने बताया कि लोहिया कला भवन में शपथ ग्रहण समारोह के बाद सदन की पहली बैठक की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। इस मौके पर सभी सदस्य सदन में एक-दूसरे से पहली बार मिलेंगे। भाजपा सहित अन्य दलों या निर्दल सदस्यों के साथ तालमेल बनाकर विकास कार्य किया जाएगा। जिले की सबसे बड़ी सदन जिला पंचायत में इस बार 45 में से जिला पंचायत अध्यक्ष शीतल सिंह समेत 43 नए चेहरों नजर आएंगे। दो सदस्य लगातार तीसरी बार सदन में प्रतिनिधित्व निभाएंगी। निर्वाचित सदस्यों के शपथ ग्रहण और जिला पंचायत बोर्ड की पहली बैठक 15 जुलाई को संभावित है। इसको लेकर भी प्रशासनिक अमला तैयारियां शुरू कर दिया हैं। जिला पंचायत के सदन में कुल सदस्यों की संख्या 45 हैं। इनमें निर्वाचित जिला पंचायत अध्यक्ष शीतल सिंह समेत 43 चेहरे ऐसे हैं, जो पहली बार सदन में बैठेंगे। सिर्फ दो सदस्य ही लगातार तीसरी बार प्रतिनिधित्व करेंगे। इनमें सपा नेता रामकुमार यादव की पत्नी पूजा, पूर्व सांसद रामपाल सिंह की बहू सुजाता शामिल हैं। पहली बार सदन में पहुंचने वाले सदस्यों अथवा उनके परिजन लगातार सदन में प्रतिनिधित्व करने वाली सुजाता सिंह और पूजा यादव से उनके अनुभवों को साझा करने की कवायद भी कर दी गई है।
सदन को नहीं मिलेगा दो पूर्व अध्यक्षों का अनुभव
जिला पंचायत सदस्य चुनाव में पूर्व अध्यक्ष साधना चौधरी और जनकनंदिनी चौरसिया हार गई थीं। इस कारण सदन को उनका अनुभव नहीं मिल सकेगा। वहीं पूर्व अध्यक्ष गरीब दास एवं मो. सईद भ्रमर चुनाव मैदान में नहीं उतरे थे, जबकि दोनों लोग पिछले सदन में सदस्य थे।