अब इमरजेंसी में मिलेगी फिजियोथेरेपी और पैथालॉजी की सुविधा
संयुक्त जिला चिकित्सालय के इमरजेंसी वार्ड का मामला
कोविड-19 से जुड़ी समस्या निदान के लिए बना कंट्रोल रूम
संवाद न्यूज एजेंसी
सिद्धार्थनगर। संयुक्त जिला चिकित्सालय में अब इमरजेंसी में आने वाले मरीजों को बेहतर सुविधाएं स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकेंगी। इसके लिए मुख्य चिकित्सा अधीक्षक ने विशेष रुचि दिखाई है। फिजियोथेरेपी और पैथालॉजी की सुविधा से लाभान्वित होंगे। कंट्रोल रूम की स्थापना भी की गई है।
जिला चिकित्सालय में फिजियोथेरेपी और पैथालॉजी की सुविधा अभी तक सुबह आठ बजे से दो बजे तक मिल पा रही है, पर इमरजेंसी वार्ड में आने वाले मरीजों को इन सुविधाओं से वंचित होना पड़ता था। तीमारदारों को अस्पताल के बाहर प्राइवेट दुकानों पर काफी धनराशि खर्च करने की मजबूरी थी। मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. आरके कटियार कहा कि इमरजेंसी वार्ड में आने वाले मरीजों के लिए फिजियोथेरेपी, पैथालॉजी की सुविधा उपलब्ध कराने का निर्णय लिया गया है। इसके अलावा कोविड-19 से जुड़ी समस्याओं के निदान को लेकर कंट्रोल रूम भी स्थापित किया गया है। शनिवार को मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. आईवी विश्वकर्मा ने फिजियोथेरेपी, पैथालॉजी और कंट्रोल रूम का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि इमरजेंसी में आने वाले मरीजों के लिए यह पहल काफी राहत देने वाली साबित होगी। इससे रात्रिकालीन समय में तीमारदारों को भटकना नहीं पड़ेगा। सीएमएस डॉ. आरके कटियार ने व्यवस्था के बारे में विस्तार से जानकारी दी। इस मौके पर डॉ. आरबी राम, डॉ. सीबी चौधरी, डॉ. अनूप यादव समेत शैलेश मिश्र, अशोक त्रिपाठी, ओपी लाल, संतोष सिंह, विनय भारती, श्रीश श्रीवास्तव, ऋषभ खन्ना, अनूप पांडेय, हरीश, रामविलास और विकास कुमार उपस्थित थे।