अब ऑनलाइन खरीदा जा सकेगा काला नमक चावल
अब फ्लिपकार्ट के माध्यम से दुनिया भर में खरीदा जाएगा चावल
बिक्री के लिए जिले से 250 किग्रा. की पहली खेप हुई रवाना
संवाद न्यूज एजेंसी
सिद्धार्थनगर। जिले की माटी में उपजे काला नमक चावल की ख्याति दिन-प्रतिदिन बढ़ती ही जा रही है। एक जनपद-एक उत्पाद में चयन होने के बाद अब इसे वैश्विक स्तर पर भी पहचान मिलने लगी है। अब फ्लिपकार्ट के माध्यम से दुनिया भर में चावल खरीदा जा सकेगा। बिक्री के लिए सोमवार को अपर मुख्य सचिव नवनीत सहगल के वर्चुअल कार्यक्रम के दौरान डीएम दीपक मीणा ने 250 किलोग्राम की पहली खेप को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित वर्चुअल कार्यक्रम के दौरान प्रदेश के सूक्ष्म, लघु एवं माध्यम एवं निर्यात प्रोत्साहन विभाग के अपर मुख्य सचिव डॉ. नवनीत सहगल ने कहा कि भगवान बुद्ध की स्थली सिद्धार्थनगर कई ऐतिहासिक धरोहरों, वस्तुओं की वजह से विश्व में पहचान है। इन्हीं में से एक काला नमक चावल भी है। यह चावल तथागत के प्रसाद के रूप में, खासकर बौद्ध अनुयायी ग्रहण करते हैं। प्रदेश के मुख्यमंत्री के निर्देशन में एक जनपद-एक उत्पाद में चावल का चयन होने के बाद से उपलब्धियां बढ़ती जा रही हैं। उन्होंने इस पहल के लिए डीएम को बधाई दी। इससे पूर्व डीएम दीपक मीणा ने बताया कि उत्पादन क्षेत्र 2805 हेक्टेयर से बढ़कर 5000 हेक्टेयर हो गया है। इस वर्ष 10 हजार हेक्टेयर क्षेत्र में काला नमक चावल पैदा होने की संभावना है।
250 किलोग्राम भेजा चावल
डीएम और सीडीओ पुलकित गर्ग ने संयुक्त रूप से कपिलवस्तु फॉर्मर प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड के प्रबंध निदेशक श्रीधर पांडेय, निदेशक राणा प्रताप सिंह की मौजूदगी में फ्लिपकार्ट पर बिक्री के लिए काला नमक चावल की 250 किलोग्राम की पहली खेप को रवाना किया। इस दौरान काला नमक क्लस्टर के जिला समन्वयक प्रशांत विसेन, उपायुक्त जिला उद्योग केंद्र दयाशंकर सरोज, जिला विज्ञान सूचना अधिकारी नसीम अहमद, अपर जिला सूचना अधिकारी विमलेश कुमार भी उपस्थित थे।