अमेरिका और लंदन से अच्छी होगी नोएडा की फिल्म सिटी : राजू श्रीवास्तव
सिद्धार्थनगर। कपिलवस्तु महोत्सव में पहली बार प्रस्तुति देने आए फिल्म विकास परिषद उप्र के चेयरमैन व कॉमेडी स्टॉर राजू श्रीवास्तव ने मंगलवार को फिल्मी दुनिया पर खुलकर बातें कीं। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ नोएडा में अच्छी फिल्म सिटी बना रहे हैं। इसमें 20 हजार से अधिक युवाओं को रोजगार एवं उप्र के उभरते कलाकारों को अच्छा प्लेटफार्म मिलेगा। नोएडा की फिल्म सिटी मुंबई से तीन गुनी बड़ी होगी। यह अमेरिका और लंदन की फिल्म सिटी से भी बेहतर होगी।
देश-विदेश में 3500 से अधिक इवेंट और 65 फिल्मी में भूमिका निभा चुके राजू श्रीवास्तव ने कहा कि नोएडा फिल्मी सिटी 10 हजार करोड़ रुपये का प्रोजेक्ट है। यह 1200 एकड़ में बनाई जा रही है। 90 प्रतिशत भूमि का अधिग्रहण हो चुका है। जल्द ही कार्यों का टेंडर और निर्माण शुरू होगा। उन्होंने बताया कि जेवर एयरपोर्ट से फिल्म सिटी तक ड्राइवर लेस कार चलेगी।
जोकर नहीं, कॉमेडियन हो गए
राजू श्रीवास्तव ने कहा कि पहले के दौर में लोग कॉमेडी करने वाले को जोकर कहकर हंसते थे, लेकिन अब हंसाने वाले कॉमेडियन हो गए। 2005 में लॉफ्टर चैलेंज आने के बाद स्टैंड कॉमेडी का उद्योग स्थापित हो गया। रियलिटी शो के माध्यम से युवाओं को टैलेंट दिखाने का अवसर मिल रहा है। उन्होंने कहा कि हंसाने वाला किसी संस्थान में नहीं पैदा होता है। यह गॉड गिफ्टेड है। जिसमें कला होती है, वहीं निखरकर बाहर आती है। नई पीढ़ी के लिए कॉमेडी में संभावनाएं हैं।