नोडल अधिकारी ने जाना स्वास्थ्य सेवा का हाल
शोहरतगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का किया निरीक्षण
अमर उजाला ब्यूरो
शोहरतगढ़। कोरोना के नोडल अधिकारी विशेष सचिव डीएस उपाध्याय ने बृहस्पतिवार को शोहरतगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण किया। यहां स्वास्थ्य सेवाओं के बारे में जानकारी ली।
विशेष सचिव डीएस उपाध्याय बृहस्पतिवार सुबह साढ़े दस बजे शोहरतगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे। यहां 30 मिनट के निरीक्षण के दौरान कोरोना हेल्प डेस्क का निरीक्षण किया। चिकित्सीय परीक्षण के दौरान अभिलेख नहीं बनाने पर स्वास्थकर्मी से अभिलेख बनाने की बात कही। अधीक्षक पीके वर्मा, डॉ. राकेश मौर्य, डॉ. प्रवीण कुमार, स्टॉफ नर्स मधु संविदा से चिकित्सा संबंधी पूछताछ की। इस दौरान उन्होंने अभिलेखों व पत्रावलियों का निरीक्षण, औषधि भंडारण कक्ष, औषधि वितरण कक्ष, प्रसव कक्ष, टेली मेडिसिन कक्ष, आइसोलेशन कक्ष की साफ सफाई देखी, मस्तिष्क ज्वर आईटीसी वार्ड में तैनात सिस्टर चंदा से पूछताछ की। इस दौरान अधीक्षक पीके वर्मा विशेष सचिव को जानकारी देते रहे। निरीक्षण खत्म होने के सभी लोगों ने राहत की सांस ली। उन्होंने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर तैनात स्वास्थ कर्मी से कहा कि अस्पताल में आने वाले सभी लोगों की थर्मल स्क्रीनिंग करें, व सभी लोगों का रिकॉर्ड की फाइल बना लें, जिससे जरूरत पड़ने पर फाइलों का अवलोकन किया जा सके। निरीक्षण के दौरान डिप्टी सीएमओ डीके चौधरी, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी विजय प्रताप यादव भी मौजूद रहे। इसके साथ ही कोरोना नोडल अधिकारी ने ग्राम पंचायत अंतरी में बने स्वास्थ्य केंद्र का भी मुआयना किया।