खुनुवां। नेपाल में साइबर सुरक्षा से जुड़ी खामियों के चलते दूसरे दिन रविवार को भी कई सरकारी वेबसाइटों और ऑनलाइन सेवाओं पर असर बना रहा। राजस्व जांच विभाग की वाहन खेप निगरानी प्रणाली (वीसीटीएस) बंद रहने से सीमा पार कारोबार से जुड़ी ऑनलाइन प्रक्रियाएं प्रभावित हुई हैं। वहीं, कुछ बैंकों ने अपनी वेबसाइटें बहाल कर दी हैं और मोबाइल बैंकिंग और क्यूआर भुगतान सेवाएं चालू हैं। सरकारी पोर्टल को सुरक्षा जांच और तकनीकी अपडेट के बाद चरणबद्ध तरीके से बहाल करने की तैयारी है।
काठमांडो से जुड़े सूत्रों के अनुसार, पीएचपी तकनीक में दो गंभीर सुरक्षा खामियां सामने आने के बाद नेपाल राष्ट्र बैंक, सरकारी विभागों और वित्तीय संस्थानों ने एहतियातन ऑनलाइन सेवाएं बंद कर दी थीं। सरकार का सॉफ्टवेयर डेवलपमेंट एंड ऑपरेशन सेंटर प्रभावित प्रणालियों की जांच और सुरक्षा अपडेट में जुटा है। अधिकारियों ने रविवार शाम से सोमवार और मंगलवार के बीच कई वेबसाइटों की सेवाएं बहाल होने की उम्मीद जताई है।
साइबर विशेषज्ञ संजय कुमार शुक्ल के अनुसार, पीएचपी का इस्तेमाल बड़ी संख्या में वेबसाइटों और वेब आधारित सेवाओं में किया जाता है। इसमें सामने आई सुरक्षा खामियों से प्रभावित सर्वरों पर अनधिकृत तरीके से कोड चलाए जाने का खतरा था। इसी आशंका के चलते संबंधित संस्थानों ने सुरक्षा जांच पूरी होने तक ऑनलाइन सेवाओं को अस्थायी रूप से बंद किया।
मोबाइल बैंकिंग और क्यूआर भुगतान जारी
नेपाल बैंकर्स एसोसिएशन के अनुसार, मोबाइल बैंकिंग और क्यूआर भुगतान सेवाएं सामान्य रूप से चल रही हैं। मुख्य रूप से इंटरनेट बैंकिंग और वेबसाइट आधारित सुविधाएं प्रभावित हुई थीं। नबिल बैंक, सानिमा बैंक और नेपाल इन्वेस्टमेंट मेगा बैंक सहित कुछ बैंकों ने सुरक्षा जांच और तकनीकी अपडेट के बाद अपनी वेबसाइटें दोबारा शुरू कर दी हैं। हालांकि, सभी बैंकों की सभी ऑनलाइन सेवाओं के पूरी तरह बहाल होने की पुष्टि नहीं हुई है।
नेपाल राष्ट्र बैंक ने बैंकों, वित्तीय संस्थानों, भुगतान सेवा प्रदाताओं और रेमिटेंस कंपनियों को सुरक्षा निगरानी बढ़ाने और प्रभावित प्रणालियों को अपडेट करने के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों के मुताबिक, एहतियातन वेबसाइट बंद किए जाने से अपने आप साइबर हमले या ग्राहकों की रकम चोरी होने की पुष्टि नहीं होती है।
वीसीटीएस बंद होने से कारोबारियों की बढ़ी चिंता
सीमा पार व्यापार में मालवाहक वाहनों और उनकी खेप का विवरण दर्ज करने वाली वीसीटीएस प्रणाली बंद रहने से ऑनलाइन रिकॉर्ड दर्ज करने की प्रक्रिया प्रभावित हुई है। राजस्व जांच विभाग के अनुसार, प्रणाली बंद रहने के दौरान भी जरूरी बिल और चालान के साथ मालवाहक वाहनों की आवाजाही जारी रह सकती है। सेवा बहाल होने के बाद संबंधित रिकॉर्ड दर्ज करने होंगे। सीमावर्ती कारोबारियों की नजर अब सरकारी पोर्टल और वीसीटीएस की बहाली पर है। सेवाएं पूरी तरह शुरू होने के बाद ही ऑनलाइन प्रक्रियाओं के सामान्य होने की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।