संवाद न्यूज एजेंसी
बांसी। शनिवार को बांसी तहसील सभागार में आयोजित तहसील समाधान दिवस के दौरान मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना से जुड़ा मामला चर्चा का केंद्र बन गया। मिठवल ब्लॉक के ग्राम पंचायत दुभरा से दूल्हा-दुल्हन पक्ष के परिजन समाधान दिवस में पहुंचे और एडीएम (न्यायिक) ज्ञान प्रकाश को प्रार्थना पत्र सौंपकर न्याय की गुहार लगाई।
परिजनों का आरोप है कि खंड विकास अधिकारी ने गांव के एक व्यक्ति के कहने पर उनकी पुत्री का नाम लाभार्थी सूची से काटकर अपात्र घोषित कर दिया। उनका कहना है कि पुत्री का केवल सगाई हुई थी, आर्थिक तंगी के कारण विवाह संपन्न नहीं हो सका था। इसी आधार पर सामूहिक विवाह योजना में आवेदन किया गया था। मामले को गंभीरता से लेते हुए एडीएम ने तत्काल जांच टीम गठित कर एक घंटे के भीतर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।
ग्राम प्रधान के अनुसार, पंचायत सचिव द्वारा पूर्व में सूचना दी गई थी कि 22 फरवरी को रतन सेन डिग्री कॉलेज ग्राउंड में सामूहिक विवाह कार्यक्रम प्रस्तावित है। अंतिम समय में नाम कटने की जानकारी मिलने से परिवार स्तब्ध रह गया। एडीएम ने आश्वस्त किया कि जांच रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।