संवाद न्यूज एजेंसी
भनवापुर। ब्लाॅक क्षेत्र के सेखुई गोवर्धन गांव निवासी नफीसा खातून का साथ बदकिस्मती ने नहीं छोड़ा। रविवार को मुंबई में एक दुर्घटना में उनके दूसरे पति की भी मौत हो गई। इससे उनके सारे अरमान बिखर गए हैं। आज वह अपनी ही किस्मत पर रो रही हैं।
वर्ष 2017 में नफीसा खातून की शादी सेखुई गोवर्धन गांव निवासी अब्दुल्ला के दूसरे बेटे ताहिर से हुई थी, जिससे पांच साल की बेटी नाजिया है। वर्ष 2022 में नफीसा के जीवन में एक तूफान आया, जब पहले पति ताहिर की बाढ़ के दौरान डूबने से मौत हो गई। कुछ दिन बाद नफीसा खातून ने मायके व घर के लोगों की रजामंदी से देवर व अब्दुल्ला के सबसे छोटे बेटे अब्दुल गनी से निकाह कर लिया। निकाह के बाद नफीसा खातून ने एक बेटे उस्मान (03) को जन्म दिया। पूरे परिवार के साथ बीती बातें भूल कर नई जिंदगी बेहतर तरीके से चल रही थी। एक बार फिर नफीसा खातून की जिंदगी में रविवार की काली रात आई, जब दूसरे भी पति अब्दुल गनी (30) की मौत की सूचना मिली।
मंगलवार की रात जब अब्दुल गनी का शव घर पहुंचा तो नफीसा खातून के साथ पांच वर्षीय बेटी नाजिया की करुण रूदन हर किसी को रोने पर मजबूर कर दे रहा था। बुजुर्ग पिता अब्दुल्ला व मां हाजिया दूसरे बेटे को खोने के बाद, आंखों से सूख चुके आंसुओं के बीच पथराई आंखों से अपने बेटे को एक टक देख रहे थे।