संवाद न्यूज एजेंसी
सिद्धार्थनगर। शहर के सिद्धार्थ तिराहा से स्टेशन रोड तक अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। इस दौरान 90 से अधिक दुकानों और मकानों के अस्थायी निर्माण ध्वस्त कर दिए गए। नगर पालिका प्रशासन की ओर से पुलिस बल की मौजूदगी में बुधवार को अभियान चला।
एसडीएम नौगढ़ कल्याण सिंह मौर्या ने बताया कि बार-बार चेतावनी के बाद भी अतिक्रमण करने वालों पर कार्रवाई की गई, आगे भी यह कार्रवाई जारी रहेगी।
एसडीएम नौगढ़ कल्याण सिंह मौर्या, ईओ नगर पालिका अजय कुमार सिंह व सीओ सदर की मौजूदगी में शहर के सिद्धार्थ तिराहे से स्टेशन रोड पर सोहांस तिराहा तक अतिक्रमण हटाया गया। स्टेशन रोड के दोनों तरफ की दुकानों के सामने बने सीढ़ी व चबूतरा समेत सड़क में बढ़ाकर बने टिनशेड को हटाया गया।
कई जगहों पर चबूतरे के साथ खड़ी बाउंड्रीवाल या दीवार को तोड़कर ध्वस्त कर दिया गया। बता दें कि स्टेशन रोड पर अतिक्रमण के चलते अक्सर जाम लग जाता था, जिसमें फंसकर वाहन चालकों को सांसत झेलनी पड़ती थी। इस रोड पर सिद्धार्थ तिराहे के पास ठेले आदि लगाए जाने और दुकानों के सामने टिनशेड, सीढ़ी व चबूतरा निर्माण से लगने वाले जाम में वाहन चालक घंटों फंसे रहते थे।