शोहरतगढ़/तुलसियापुर। शोहरतगढ़ विधायक विनय वर्मा ने शुक्रवार को सिंचाई विभाग के ड्रेनेज खंड और सरयू नहर खंड के अधिकारियों के साथ विभिन्न निर्माण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कई परियोजनाओं की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए आवश्यक सुधार और जांच कराने की चेतावनी दी।
विधायक ने महरथा गांव में बूढ़ी राप्ती नदी के तटबंध पर 162.06 लाख रुपये और लखनापार-बैदौला तटबंध के बैजनथा गांव में 135.30 लाख रुपये की लागत से कराए गए कटानरोधी कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों से निर्माण की गुणवत्ता पर जवाब मांगा और आवश्यकता पड़ने पर जांच कराने की बात कही।
इसके अलावा उन्होंने चरिगवां के पास धनौरा राजवाहा के ड्रेनेज क्रॉसिंग के अवशेष पक्के निर्माण कार्य, धनौरा मुस्तकहम के निकट राप्ती मुख्य नहर के अंतिम छोर पर साइफन लाइनिंग और अर्री गांव के पास 400 मीटर लंबाई में कराए गए नहर लाइनिंग कार्य का भी निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान ड्रेनेज खंड के अधिशासी अभियंता कृपाशंकर, सरयू नहर खंड के सहायक अभियंता देवानंद श्रीवास्तव सहित विभागीय अधिकारी और स्थानीय जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। विधायक ने अधिकारियों को निर्माण कार्यों में गुणवत्ता बनाए रखने और किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए।