खुनुवां। नेपाल के कैलाली जिले में सोमवार को भारतीय नंबर प्लेट की कार की टक्कर ने बाइक सवार को टक्कर मार दी। इस हादसे में बाइक सवार पदम चंद (48) की मौत हो गई और साथी गौतम ऐर घायल हो गया। दुर्घटना के बाद कार लेकर भाग रहे वाराणसी निवासी अश्वनी कुमार सिंह को नेपाल पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, कैलाली के धनगढ़ी उपमहा नगर पालिका नंबर तीन स्थित बोराडांडी चौक पर अटारिया की ओर जा रही बाइक को यूपी नंबर प्लेट की कार ने टक्कर मार दी। हादसे में बाइक पर पीछे बैठे बैतड़ी जिले की सिगास ग्रामीण नगरपालिका-नंबर एक, गजकोट निवासी पदम चंद गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल धनगढ़ी स्थित माया मेट्रो अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। दुर्घटना में घायल बाइक चालक गौतम ऐर का धनगढ़ी के सीपी अस्पताल में उपचार चल रहा है। पुलिस के अनुसार उनकी हालत अब सामान्य है।
हादसे के बाद कार चालक मौके से भाग निकला था। पुलिस ने पीछा कर उत्तर प्रदेश के वाराणसी निवासी अश्वनी कुमार सिंह को कैलाली जिले के गोदावरी नगरपालिका नंबर छह स्थित लालपुर क्षेत्र से उसे गिरफ्तार कर लिया। संवाद