सिद्धार्थनगर। प्रथम अपर जिला व सत्र न्यायाधीश मोहम्मद रफी ने इटवा थाना क्षेत्र के ग्राम पकड़ी शुक्ल में एक वर्ष पूर्व हुई हत्या के मामले में सात लोगों को आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। साथ ही प्रत्येक आरोपियों को 16,000-16,000 रुपये के अर्थदंड से दंडित किया है। इटवा थाना क्षेत्र के ग्राम पकड़ी शुक्ल में 16 मई 2025 को वारदात हुई थी। इटवा थाना क्षेत्र के पकड़ी शुक्ल निवासी पंचराम गिरी और उसकी पत्नी राजमति को गल्ला चोरी होने की शक में उलाहना देने व ताना मारने को लेकर पड़ोस के ही लोगों ने मारपीट कर गंभीर रूप से घायल कर दिया था।
इसमें पंचराम गिरी की मौत होने पर पत्नी राजमति की तहरीर पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्जकर मामले की छानबीन शुरू कर दी।
घटना के दो माह बाद मारपीट में घायल पत्नी राजमति की भी मौत हो गई थी। पुलिस ने मामले की जांचकर कोर्ट में चार्जशीट दाखिल की थी। इसकी सुनवाई करते हुए कोर्ट ने इटवा थाना क्षेत्र के ग्राम पकड़ी शुक्ल निवासी आरोपी बलिराम गिरी उर्फ लुकाऊ, धनिराम गिरी उर्फ नरदाहे, रमेश गिरी उर्फ छोटकू, निर्मला देवी, शांति उर्फ सुनीता, कुमारी बिंद्रावती उर्फ भूरी और शिवम गिरी को आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। कोर्ट के जल्द फैसला सुनाने पर पीड़ित परिवार ने इसका स्वागत किया है।