दुदही (कुशीनगर)। विशुनपुरा थाना क्षेत्र के एक गांव में बृहस्पतिवार की रात घर से बाहर गई 21 वर्षीय युवती का अपहरण कर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि गांव के ही दो युवकों ने युवती को गन्ने के खेत में ले जाकर नशीला पदार्थ खिलाया और दुष्कर्म किया। शुक्रवार को सुबह होश आने पर युवती घर पहुंची और परिजनों को पूरी बात बताई। घर वाले दिन में करीब तीन बजे तबीयत में सुधार नहीं होने पर उसको लेकर दुदही सीएचसी पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने घटना की जानकारी लिया। डॉक्टर ने प्राथमिक इलाज के बाद युवती को मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया, जहां उसका इलाज चल रहा है। पुलिस ने इस मामले में प्राथमिकी दर्ज करते हुए एक आरोपी अक्षय को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। युवती एक कपड़े की दुकान पर काम करती है।
जानकारी के अनुसार, गांव की 21 वर्षीय युवती बृहस्पतिवार की रात करीब 10:30 बजे शौच के लिए गई थी। आरोप है कि इसी दौरान गांव का ही एक युवक उसका मुंह दबाकर जबरन उठा ले गया। घर से करीब दो किलोमीटर दूर गन्ने के खेत में ले जाकर उसे नशीला पदार्थ पिला दिया। इसके बाद दो युवकों ने मिलकर उसके साथ दुष्कर्म किया। देर रात युवती बेहोश हो गई तो आरोपी उसे वहीं छोड़कर फरार हो गए। शुक्रवार सुबह किसी तरह होश आने पर युवती घर पहुंची और परिजनों को घटना की जानकारी दी। परिजन उसे दुदही सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद पुलिस को सूचना दी गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने पीड़िता को बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने एक आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस प्रेम प्रसंग से जोड़कर मामले को देख रही है, हालांकि युवती के परिजन इसे खारिज कर रहे हैं। थानाध्यक्ष विनय मिश्रा ने बताया कि युवती का इलाज मेडिकल कॉलेज में चल रहा है। आरोप के आधार पर दो पर प्राथमिकी दर्ज कर एक युवक को हिरासत में लिया गया है दूसरे की तलाश की जा रही है।