बर्डपुर। सेवा संकल्प अभियान को लेकर बृहस्पतिवार को ब्लॉक कार्यालय परिसर में बैठक हुई। खंड विकास अधिकारी अजय प्रताप सिंह ने अभियान के तहत होने वाले कार्यक्रमों की तैयारियों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों और ग्राम पंचायत सचिवों को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य पात्र लोगों तक जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी पहुंचाना और उन्हें योजनाओं का लाभ दिलाना है।
बीडीओ ने बताया कि पांच से नौ अक्तूबर तक ब्लॉक परिसर में सेवा संकल्प अभियान के तहत मेले का आयोजन किया जाएगा। इसमें विभिन्न विभागों की ओर से स्टॉल लगाए जाएंगे। इसके माध्यम से ग्रामीणों को योजनाओं की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया और मिलने वाले लाभ की जानकारी दी जाएगी। उन्होंने ग्राम पंचायत सचिवों को गांवों में मेले का प्रचार-प्रसार कर अधिक से अधिक ग्रामीणों की भागीदारी सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। साथ ही पात्र लोगों को चिह्नित कर योजनाओं का लाभ दिलाने में सहयोग करने को कहा।
उन्होंने विकसित भारत रोजगार गारंटी योजना के तहत गांवों में रोजगारपरक कार्य शुरू कराने के लिए मस्टररोल निकलवाने के निर्देश दिए। कहा कि इससे जरूरतमंद ग्रामीणों को स्थानीय स्तर पर रोजगार उपलब्ध कराया जा सकेगा। संबंधित कर्मचारियों को कार्यों की नियमित निगरानी और योजनाओं के क्रियान्वयन में लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश दिए।
बैठक में एडीओ पंचायत मनोहर लाल बरनवाल, ग्राम विकास अधिकारी शैलेंद्र कुमार गुप्ता, प्रियंका गोस्वामी, सनंदन लाल यादव, अंकित शुक्ला सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।