डुमरियागंज। महिलाओं और बेटियों की सुरक्षा को लेकर भवानीगंज पुलिस की ओर से शुक्रवार को कंचनपुर गांव में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। महिला कांस्टेबल किरन यादव ने महिलाओं और किशोरियों को सुरक्षा से जुड़ी सरकारी योजनाओं और हेल्पलाइन सेवाओं की जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि किसी भी परेशानी या आपात स्थिति में महिलाएं बिना डरे पुलिस और संबंधित विभाग से मदद ले सकती हैं। इस दौरान 112, 1090, 181, 1076, 1930, 1098, 108, 102 और 101 हेल्पलाइन नंबरों के बारे में जानकारी दी गई। महिलाओं और किशोरियों से अपनी सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने और किसी तरह की परेशानी होने पर तत्काल संबंधित हेल्पलाइन या पुलिस से संपर्क करने की अपील की गई। गांव की महिलाओं ने पुलिस की पहल की सराहना की। इस दौरान हेड कांस्टेबल जितेंद्र सिंह सहित अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे।