कलेक्ट्रेट में पर्चा दाखिल करने जाते प्रत्याशी मनोज गुप्ता।
- फोटो : अमर उजाला
सिद्धार्थनगर। विधानसभा चुनाव में नामांकन प्रक्रिया के तीसरे दिन विधानसभा अध्यक्ष माता प्रसाद पांडेय समेत छह नए उम्मीदवारों ने नामांकन किया। रालोद प्रत्याशी के रूप में शोहरतगढ़ से रवींद्र प्रताप चौधरी ने शनिवार को भी पर्चा जमा किया। जिले की पांच सीटों के लिए अब तक 11 उम्मीदवारों के नामांकन हो चुके हैं। रविवार को अवकाश के चलते नामांकन की प्रक्रिया ठप रहेगी। प्रमुख चेहरों के नामांकन करने को लेकर मुख्यालय पर शनिवार को सुबह से ही गहमागहमी बनी रही। पुलिस-प्रशासन के अफसर भी चौकस रहे। हर गतिविधि पर निगाह जमाए रखे थे।
सुरक्षा के लिए झारखंड आम्र्ड फोर्स के जवानों को भी जगह-जगह मुस्तैद कर दिया गया था। दोपहर करीब 12 बजे इटवा से बसपा प्रत्याशी अरशद खुर्शीद नामांकन करने पहुंचे। पुलिस ने जांच के बाद उन्हें चार प्रस्तावकों के साथ अंदर जाने की इजाजत दी। कुछ ही देर में शोहरतगढ़ से रालोद प्रत्याशी रवींद्र प्रताप चौधरी भी पहुंच गए। वह शुक्रवार को ही नामांकन कर चुके थे, मगर शनिवार को भी दो सेट में अपना पर्चा जमा किया। बांसी से निर्दल मनोज गुप्ता ने फार्म भरा। दोपहर करीब साढ़े 12 बजे विधानसभा अध्यक्ष माता प्रसाद पांडेय पार्टी जिलाध्यक्ष अजय चौधरी, राजकुमार यादव सहित अन्य समर्थकों के साथ इटवा विधानसभा क्षेत्र से नामांकन फार्म जमा करने पहुंचे। उन्हें भी सामान्य रूप से चार प्रस्तावकों के साथ ही अंदर प्रवेश मिला। उनके कुछ ही देर बाद बसपाइयों का जत्था पहुंचा।
जिलाध्यक्ष शेखर आजाद के नेतृत्व में बांसी, डुमरियागंज व कपिलवस्तु सीट के प्रत्याशी समर्थकों के साथ पहुंचे थे। चार-चार प्रस्तावकों के साथ उन्हें अंदर दाखिल कराया गया। डुमरियागंज से सैयदा खातून, कपिलवस्तु से चंद्रभान पहलवान और बांसी से लालचंद निषाद ने रिटर्निंग ऑफिसर के समक्ष नामांकन पत्र जमा किया। बता दें कि इससे पहले शुक्रवार को डुमरियागंज से चिनकू यादव, बांसी से लालजी यादव ने सपा, शोहरतगढ़ से रवींद्र प्रताप ने रालोद, आम जनता पार्टी से सत्येंद्र नाथ पांडेय व भारतीय जन बेरोजगार छात्र दल से विजय लक्ष्मी ने नामांकन पत्र जमा किया था।