डुमरियागंज। आम आदमी को शुद्ध पानी उपलब्ध कराने के उद्देश्य से नगर व ग्रामीण क्षेत्र के कई स्थानों पर लाखों खर्च कर ओवर हेड टैंक स्थापित किया है। लेकिन यह टैंक व पंप हाउस बेकार साबित हो रहे हैं। हर साल गर्मी में यह उम्मीद जगती है कि शायद इस बार टैंकों से जलापूर्ति हो लेकिन आम आदमी की यह हसरत शायद इस गर्मी में भी अधूरी रह जाएगी।
डुमरियागंज-बस्ती मार्ग पर दूरभाष केन्द्र के बगल 8 वर्ष पूर्व (2008-09) में करीब 60 लाख की लागत से जल निगम द्वारा स्थापित ओवर हेड टैंक पंप हाउस व उसकी चहरदीवारी सिर्फ शो-पीस बनकर रह गई है। नगरवासी अनिल कुमार, घनश्याम बाबा, भोला श्रीवास्तव, गुड्डन श्रीवास्तव आदि ने कहा कि विभागीय लापरवाही के साथ जन प्रतिनिधियों की उदासीनता के चलते अब तक इस टैंक से जलापूर्ति नहीं हुई। इसी तरह डुमरियागंज के सबसे बड़ी आबादी वाले ग्राम पंचायत हल्लौर में भी 12 वर्ष पूर्व जल निगम ने यहां की आबादी को शुद्ध पानी देने के उद्देश्य से लाखों खर्च कर स्थापित ओवर हेड टैंक बेपानी हैं। ग्रामवासी लाडले, प्रधान प्रतिनिधि कैसर अब्बास आदि का कहना है कि कई बार पहल तो हुई लेकिन जल निगम के जिम्मेदार लोगों को पानी मुहैया कराने में असमर्थ साबित हुए। कब पानी टैंक से मिलेगा यह तो जिम्मेदार ही जानें।
उधर, नगर के शाहपुर बाजार में प्राथमिक व जूनियर विद्यालय के प्रांगण के सामने भी लगभग 12 वर्ष पूर्व लाखों खर्च कर जल निगम ने ओवर हेड टैंक का निर्माण कराया। यह टैंक भी अब तक यहां के लोगों को स्वच्छ पानी देने में असमर्थ है। गांव के श्यामसुंदर अग्रहरि, पंडित कक्कू तिवारी, प्रमात्मा प्रसाद अग्रहरि, पवन अग्रहरि, खजांची, बृजेष अग्रहरि, दीपक कुमार, राजेश, बबलू, विनोद का कहना है कि गांव में कई नल दूषित जल दे रहें है। जब टैंक बना था तो यह उम्मीद जगी थी कि जल्द ही स्वच्छ पानी मिलेगा, लेकिन अब तक ऐसा नहीं हुआ। नवीन मंडी स्थल शाहपुर में भी भवन व दुकान निर्माण के बाद यहां परिसर में पानी की टंकी का निर्माण हुआ।
लेकिन यह टैंक भी सिर्फ शो पीस बनकर रह गया है। अनिल श्रीवास्तव, संचित साहनी, बब्लू, अब्दुल सुभान चीनी, बब्बू राईनी आदि ने जिम्मेदारों से टैंक से जलापूर्ति की मांग की है। इस संबंध में अधिशासी अभियंता जल निगम डुमरियागंज आशुतोष ंसिंह ने कहा कि नगर पंचायत सहित शाहपुर हल्लौर में स्थापित ओवर हेड टैंक से जल्द ही जलापूर्ति होगी। मामूली फाल्ट के कारण विलंब हुआ। वहीं नगर पंचायत अध्यक्ष डुमरियागंज बीनादेवी अग्रहरि का कहना है कि अभिंयता को पत्र लिखा गया था। नगर पंचायत में वाटर सप्लाई का काम आरंभ हो गया है। काम पूरा होते ही ट्रायल के बाद सप्लाई आरंभ करवा दी जाएगी।