बांसी कस्बे के रानीगंज तिराहा पर लगा जाम। संवाद
बांसी/सिद्धार्थनगर। कस्बे के रानीगंज तिराहा पर सोमवार की रात भीषण जाम लग गया, जिससे घंटों तक वाहन फंसे रहे और लोगों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद जाम खुलवाया, तब जाकर यातायात सामान्य हो सका।
बताया जा रहा है कि सोमवार को लगन तेज होने के कारण सड़कों पर वाहनों की संख्या काफी बढ़ गई थी। इसी बीच बेतरतीब ड्राइविंग और आगे निकलने की होड़ के चलते रात करीब नौ बजे रानीगंज तिराहा पर अचानक जाम लग गया। जाम की स्थिति इतनी गंभीर हो गई कि इटवा रोड से लेकर राप्ती पुल तक और दूसरी ओर सोनखर तक वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। इस दौरान एंबुलेंस समेत सैकड़ों वाहन जाम में फंसे रहे। जाम में फंसे अधिकांश लोग बरात और न्योता कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे।
स्थानीय लोगों ने अपने स्तर पर जाम हटाने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी। करीब एक घंटे से अधिक समय तक जाम लगा रहा, जिससे लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। सूचना मिलने के बाद पहुंची पुलिस टीम ने वाहनों को व्यवस्थित कर जाम खुलवाया। इसके बाद धीरे-धीरे आवागमन सुचारु हो सका।