पथरा। भतीजी की मौत की खबर सुनकर उसे देखने ससुराल इटवा जा रहे चाचा की सोमवार को सड़क हादसे में मौत हो गई। पथरा थाना क्षेत्र के बघिनी नानकार गांव के पास उनकी बाइक अचानक सड़क पर आई नीलगाय से टकरा गई।
हादसे में गंभीर रूप से घायल विनोद सिंह ने अस्पताल पहुंचने से पहले ही दम तोड़ दिया। एक ही परिवार में दो मौतों से परिजन पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
जानकारी के अनुसार, बघिनी नानकार गांव निवासी विनोद सिंह (40) की भतीजी की शादी इटवा थाना क्षेत्र के धोबहा गांव में हुई थी। सोमवार को परिजन को सूचना मिली कि भतीजी का शव ससुराल में फंदे से लटका मिला है। इसकी जानकारी होते ही विनोद सिंह अन्य परिजन के साथ बाइक से उसे देखने के लिए रवाना हो गए।
बताया जा रहा है कि गांव के पास पहुंचते ही उनकी बाइक अचानक सड़क पर आई नीलगाय से टकरा गई। हादसे में विनोद सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन उन्हें तत्काल जिला अस्पताल ले जाने लगे लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा कराकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थानाध्यक्ष जनार्दन प्रसाद ने बताया कि मृतक की पत्नी की सूचना पर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।