बघौचघाट। क्षेत्र के ग्राम पंचायत मेंदीपट्टी निवासी 46 वर्षीय ऋषिकेश दत्त राय की असम में हुए एक भीषण सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। इसकी जानकारी से घर में चीख पुकार मच गई। जानकारी होने पर गांव में माहौल गमगीन हो गया।
ऋषिकेश असम की एक निजी कंपनी में मैनेजर पद पर कार्यरत थे। मंगलवार की रात वह ऑफिस से काम निपटाने के बाद कमरे पर लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में हादसे का शिकार हो गए। बताया जा रहा है कि ऋषिकेश इस सप्ताह घर आने वाले थे और इसके लिए उन्होंने पहले ही टिकट भी बुक करा लिया था।
छोटे भाई राकेश राय सपा के पथरदेवा विधानसभा क्षेत्र उपाध्यक्ष हैं। वहीं एक छोटा भाई शोभाकांत राय विदेश में नौकरी करते हैं। मौत की खबर से पत्नी निधू देवी और मां बबुना देवी बार-बार बेहोश हो रही थीं। बेटा युवराज और बेटी इच्छा राय के सिर से पिता के साया उठ गया।