बर्डपुर पीएचसी पर निरीक्षण करती स्वास्थ्य विभाग की टीम।
- फोटो : अमर उजाला
बांसी। जिले की स्वास्थ्य व्यवस्था की नब्ज टटोलने के लिए सोमवार को लखनऊ से टीम अस्पतालों में धमकी। स्टेट डिविजनल सर्विलांस अफसर डॉ. एके पांडेय के नेतृत्व में चार सदस्यीय टीम ने बांसी और बर्डपुर पीएचसी का हाल देखा। ओपीडी से लेकर वार्डों तक जाकर व्यवस्था की पड़ताल की। खामियों पर नाराजगी जताई और सुधार के निर्देश दिए। टीम के आगमन की पूर्व सूचना के चलते स्वास्थ्य विभाग चौकस दिखा। अस्पतालों पर ज्यादातर व्यवस्थाएं दुरुस्त मिली। बर्डपुर में दो कर्मचारी अनुपस्थित थे। इसकी रिपोर्ट शासन को प्रेषित करने की बात कही।
संयुक्त महानिदेशक स्वास्थ्य लखनऊ के निर्देश पर जांच को पहुंची टीम ने सबसे पहले प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र तिलौली का हाल देखा। फिर बांसी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण किया। टीम ने स्वास्थ्य केंद्र की उपस्थिति पंजिका, स्टाक बुक, जेई-एईएस पंजिका को चेक किया। दवा के उपलब्धता की जानकारी ली। प्रसव कक्ष व वार्ड का निरीक्षण करते हुए आकस्मिक दवाओं की उपलब्धता को जाना। इस दौरान स्वास्थ्य केंद्र के सीनियर चिकित्सक डॉ.आरके सिंह ने बेबी वार्मर, ऑक्सीजन सिलेंडर, रेगुलेटर न होने की जानकारी टीम को दी। बताया कि इसकी डिमांड विभाग से पहले भी कई बार की जा चुकी है। इस दौरान डॉ. आरके सिंह, डॉ. एमके चौधरी, फार्मासिस्ट आरएस चौधरी बब्बू, नर्स बिंदू, गीता पांडेय, दिव्या, वार्ड ब्वॉय कैलाश चंद्र, समय प्रसाद, श्याम रानी आदि मौजूद रहे।