सिद्धार्थनगर। शहर और ग्रामीण क्षेत्र में पेट्रोल-डीजल संकट बढ़ता जा रहा है। पंपों पर तेल के लिए मारामारी कम होती नहीं दिख रही है। जिन पंपों पर रात में तेल आता है, सुबह उनके खुलते ही चालकों की लंबी कतार लग जा रही है, जिससे दोपहर या शाम होते-होते यह पंप ड्राई हो जा रहे हैं।
शहर के पंप पर मंगलवार सुबह कतार में लगे लोगों को तेल नहीं मिला तो उन्होंने नाराज होकर शहर के लुंबिनी मार्ग पर जाम लगा दिया जो कुछ देर बाद पुलिसकर्मियों के प्रयास से हट गया।
शहर के छह पेट्रोल पंपों में मंगलवार सुबह पांच पर तेल उपलब्ध था, जिनमें वितरण करने के दौरान यहां पेट्रोल और डीजल लेने के लिए वाहन चालकों की लंबी कतार गई। इससे तीन पंप दोपहर तक और दो शाम तक ड्राई हो गए। इसके बाद तेल के लिए वाहन चालक शहर के बाहर स्थित पंपों का चक्कर लगाते देखे गए।
धेंसा प्रतिनिधि के अनुसार, धेंसा एवं सनई स्थित पंप पर मंगलवार को 12 बजे से ही पेट्रोल-डीजल खत्म हो गया। राहगीर कुछ समय के इंतजार के बाद पेट्रोल और डीजल न मिलने के कारण वापस लौट गए। क्षेत्र के तिलकराम शर्मा, अनिल कुमार, सतीश सिंह, महेंद्र गुप्ता का कहना है कि लगन के सीजन में लोगों को काफी भाग-दौड़ करना पड़ रहा है। ऐसी स्थिति में पेट्रोल पंपों के बंद होने से बहुत दिक्कत हो रही है।
वर्तमान में विवाह, तिलक, मुंडन एवं अन्य मांगलिक कार्यक्रम आयोजित हो रहे हैं। इसमें लोगों का समय से पहुंचना जरूरी है, लेकिन पेट्रोल पंप पर लगी भीड़ से समय पर अपने गंतव्य तक पहुंचना संभव नहीं हो पा रहा है।
पकड़ी प्रतिनिधि के अनुसार, बुढ़नइया पेट्रोल पंप पर तेल आने की सूचना पर मंगलवार सुबह से ही डीजल एवं पेट्रोल लेने के लिए लोगों की लंबी लाइन लग गई। कई घंटों के बाद लोगों को पेट्रोल मिल सका।
सीमा क्षेत्र के अधिकतर पेट्रोल पंपों पर भारी भीड़ को देखते हुए उपभोक्ताओं को सीमित मात्रा में डीजल और पेट्रोल दिया जा रहा है। वहीं, इतनी सख्ती के बावजूद सीमा क्षेत्र की निजी दुकानों पर ऊंचे दाम में डीजल और पेट्रोल आसानी से उपलब्ध होना व्यवस्था के प्रति प्रश्न चिह्न खड़ा करता है। सीमा क्षेत्र की दुकानों पर खुलेआम पेट्रोल और डीजल की अवैध बिक्री हो रही है। दुकानदार अपने दुकान के सामने बोतलों में भर कर पेट्रोल बेचकर मोटी कमाई कर रहे हैं।
उपभोक्ताओं को पंपों पर डीजल-पेट्रोल नहीं मिल पा रहा है। उपभोक्ता घंटों लंबी कतार लगाने को मजबूर हैं। वहीं, सीमा क्षेत्र के ककरहवा, धनगढ़वा, दुल्हा तिराहा आदि जगहों पर पेट्रोल और डीजल ऊंचे दाम पर बिचौलियों की मदद से आसानी से उपलब्ध हो रहा है। लोगों का कहना है कि जब सीमित मात्रा में पेट्रोल पंपों से पेट्रोल और डीजल उपभोक्ताओं को उपलब्ध हो पा रहा है तो बिचौलियों को कहां से मिल रहा है।