नगर की नवीन मंडी में जलभराव से बढ़ गई व्यापारी और खरीदारों की मुसीबत
सिद्धार्थनगर। बारिश के बाद जलभराव से शहर का हर हिस्सा प्रभावित है। इसमें नवीन मंडी में जलभराव के कारण कारोबार पर असर पड़ रहा है। दुकानदार के साथ ही आने वाले ग्राहकों को परेशानी हो रही है। थोक विक्रेताओं ने समस्या के समाधान की मांग की है। उनका कहना कि जलभराव के कारण काफी नुकसान उठाना पड़ रहा है।
नगर में नवीन मंडी है, जहां थोक के साथ ही नियमित दुकान लगाने वाले देहात से भी लोग आते हैं। इसके साथ बड़ी संख्या में मंडी में सब्जी खरीदने के लिए लोग आते हैं। पिछले तीन दिन से हो रही बारिश से मंडी में जलभराव और कीचड़ जैसी स्थिति हो गई है। इससे थोक कारोबारी के साथ ही बाहर से आने वाले आढ़ती और अन्य उपभोक्ताओं को मंडी में घुसने में मुसीबत हो रही है। वह बिक्री के लिए सामान भी नहीं रख पा रहे हैं। ग्राहकों को भी परेशानी हो रही है।
सब्जी के थोक विक्रेता मोहम्मद मुस्तफा कहते हैं कि बारिश में मंडी परिसर में होने वाले जलभराव और कीचड़ पसरे रहने से बहुत समस्या हो रही है। इससे यहां आने वाले वाहन भी फंस जाते हैं, जिन्हें निकालने में परेशानी हो रही है।
फल के थोक विक्रेता शिवनंदन श्रीवास्तव ने बताया कि लगातार हो रही बारिश से नवीन मंडी परिसर में जलभराव हो गया है, जिससे सब्जी और फल के थोक विक्रेताओं के साथ ही यहां अपनी उपज बिक्री करने आने वाले किसानों और फुटकर विक्रेताओं के साथ ही खरीदारों को भी सांसत झेलनी पड़ रही है। इसके निदान की जरूरत है। जलभराव के कारण लोग मंडी में आने से कतरा रहे हैं, जिससे कारोबार पर असर पड़ रहा है। गणेश सहित अन्य कारोबारियों ने समस्याओं को गिनाते हुए स्थाई निदान की मांग की है।