-मजदूरी करके नहीं लौटा घर, सुबह तलाश की तो खेत के पास मिला शव
-पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा, खेसरहा थाना क्षेत्र के पिपरा गांव का है मामला
संवाद न्यूज एजेंसी
खेसरहा/ बांसी। खेसरहा थाना क्षेत्र के उडवलिया व बरनवार गांव के सिवान में शुक्रवार की सुबह संदिग्ध अवस्था में एक व्यक्ति का शव मिला है। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही जांच शुरू कर दी।
शुक्रवार की सुबह उडवलिया गांव के उत्तर बरनवार गांव के दक्षिण सिवान में राहगीरों ने एक अज्ञात का शव देखा। इसकी सूचना पर थोड़ी देर में ही वहां भीड़ जमा हो गई। लोग मोबाइल से शव का फोटो खींचकर पड़ोस के गांवों में पहचान के लिए भेजने लगे। शव मिलने की सूचना पर उसके परिजनों ने मौके पर पहुंचकर उसकी पहचान अर्जुन प्रसाद (55) निवासी ग्राम झहरांव के रूप में हुई। सीओ बांसी मयंक द्विवेदी व थानाध्यक्ष चंदन कुमार ने घटना स्थल का निरीक्षण कर परिजनों से आवश्यक जानकारी प्राप्त की। फाॅरेसिंक टीम की आवश्यक कार्रवाई के बाद शव का पंचनामा किया गया। मृतक दो लड़कों व एक लड़की का पिता था। दोनों लड़के शादी शुदा हैं और लड़की की शादी नहीं हुई है।
यह जानकारी अर्जुन के बड़े लड़के अनिल कुमार ने दी। उसने बताया कि उसके पिता मजदूरी के लिए प्रतिदिन साइकिल से बांसी जाते, और शाम को आ जाते थे। बृहस्पतिवार को भी वह प्रतिदिन की भांति काम के लिए गए। शाम को घर नहीं आए तो फोन किया गया, घंटी गई परंतु फोन नहीं उठा। रात्रि करीब आठ बजे फोन करने पर फोन बंद मिला। अनिल के अनुसार शव मिलने के स्थान पर साइकिल व फोन नहीं मिला। सीओ मयंक द्विवेदी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।