जुगाड़ का स्वीमिंग पुल, नहीं मिल रहे प्रशिक्षु
सिद्धार्थनगर। जिला स्पोर्ट्स स्टेडियम में जुगाड़ से स्वीमिंग पुल में पानी साफ किया जा रहा है। यहीं कारण है कि गर्मी के मौसम में मात्र नौ प्रशिक्षु ही तैराकी का अभ्यास करने पहुंच रहे हैं। स्वीमिंग पुल का फिल्टर प्लांट खराब है। इस कारण एक सप्ताह में पुल का पानी बाहर निकालकर फिर भरा जाता है। पानी साफ नहीं होने की लोग शिकायत कर रहे हैं।
जिला स्पोर्ट्स स्टेडियम में तैराकी के प्रशिक्षक तैनात नहीं हैं। खेल निदेशालय के निर्देश के अनुसार, स्वीमिंग पुल में पानी भरा गया। जीवन रक्षक के पद पर तैनात सत्य प्रकाश त्रिपाठी की देखरेख में प्रशिक्षण शिविर शुरू हुआ, लेकिन पानी की सफाई नहीं होने के कारण तैराकी के इच्छुक लोगों का इससे मोहभंग हो गया। कोरोना संक्रमण काल में दो साल बंद रहे स्वीमिंग पुल की मरम्मत के दौरान फिल्टर प्लांट शुरू करने में सफलता नहीं मिली, जबकि कार्यदायी संस्था की लापरवाही के कारण पाइप लाइन में पहले से ही रिसाव है।
शहर के थरौली निवासी शिवा एवं मुड़िला निवासी राजेश कुमार ने बताया कि स्वीमिंग पुल का पानी साफ होना आवश्यक है। वे इंतजार कर रहे हैं कि फिल्टर प्लांट शुरू हो तो तैराकी का अभ्यास शुरू करें। इस मामले में प्रभारी क्रीड़ाधिकारी संजय शर्मा ने बताया कि कार्यदायी संस्था की लापरवाही के मामले में जिलाधिकारी व मुख्य विकास अधिकारी को पत्र भेजकर जानकारी दी गई है।