अब आईपीपीबी में डिजिटल जीवन प्रमाणपत्र सेवा उपलब्ध
डाकघर की ओर से इंडिया पोस्ट पेमेंट बैंक की अभिनव पहल
बुजुर्गों को बैंक और कार्यालयों के चक्कर लगाने से मुक्ति मिलेगी
संवाद न्यूज एजेंसी
सिद्धार्थनगर। डिजिटल जीवन प्रमाणपत्र पेंशनभोगियों के लिए एक बायोमीट्रिक सक्षम सेवा है। केंद्र सरकार, राज्य सरकार के पेंशनभोगी इस सुविधा का लाभ इंडिया पोस्ट पेमेंट बैंक (आईपीपीबी) माइक्रो-एटीएम इंटरफेस के माध्यम से ले सकते हैं।
उप डाकघर तेतरी बाजार के पोस्टमास्टर शिवबालक वर्मा ने बताया कि पेंशनभोगियों को जीवन प्रमाण पत्र जमा करने के लिए कहीं चक्कर लगाने की जरूरत नहीं है। सेवाओं को ग्रामीण डाक सेवा (जीडीएस) पोस्टमैन के माध्यम से और इंडिया पोस्ट काउंटर (केवल एमएटीएम पर उपलब्ध) पर भी प्राप्त किया जा सकता है। आईपीपीबी चैनल के माध्यम से डिजिटल जीवन प्रमाणपत्र (डीएलसी) जारी करना पोर्टफोलियो का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है, क्योंकि यह बुजुर्ग नागरिकों के लिए, मौजूदा बैंकिंग सेवाओं का पूरक हैं। बताया कि ग्राहक को इंडिया पोस्ट काउंटरों (माइक्रो एटीएम के माध्यम से) या जीडीएस, डाकियों द्वारा घर पर सेवा दी जा सकती है। डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट जारी करने में मात्र तीन-चार मिनट लगते हैं। प्रमाणपत्र तुरंत बन जाता है। सफलता पूर्वक पूरा होने पर एक प्रमाण आईडी तैयार की जाती है और सीधे एनआईसी द्वारा पेंशनर के साथ साझा की जाएगी। बताया कि पेंशनभोगी माइक्रो एटीएम स्क्रीन पोस्ट ट्रांजेक्शन पूरा होने से प्रमाण आईडी नोट कर सकता है। इसके अतिरिक्त, माइक्रो एटीएम से सफल लेनदेन के लिए प्रमाण आईडी प्राप्त करने के लिए एक जांच विकल्प भी उपलब्ध है।
डाकिया घर पर आकर बनाएगा प्रमाण
पोस्टमास्टर शिवबालक वर्मा ने बताया कि जिले के सभी डाकखानों और डाकियों के पास बायोमीट्रिक डिवाइस मौजूद है। जिले के पेंशनभोगी मोबाइल नंबर 7081070305 पर कॉल कर डाकिये को अपने घर बुला सकते हैं। डाकिए को पेंशनधारक का नंबर (पीपीओ), बैंक खातासंख्या, आधार नंबर और मोबाइल नंबर की जानकारी देनी होगी। डाकिया इन जानकारियों का अपडेट करने के बाद पेंशनभोगी के अंगुली का निशान बायोमीट्रिक डिवाइस पर लेगा। अंगूठे का सत्यापन होने के साथ ही डाकिया एसएमएस, ईमेल के जरिए डिजिटल जीवन प्रमाणपत्र जारी कर देगा। इसके लिए लाभार्थी को 70 रुपये शुल्क चुकाना होगा।